Ranchi: अरगोड़ा चौक के पास मंगलवार रात को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बेखौफ अपराधियों ने एक यात्री बस को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्री डर से सहम गए. लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया और जिस हथियार से गोली चलाई गई थी, उसे भी बरामद कर लिया.
जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार होकर आए तीन अपराधियों ने जीवन ज्योति नामक यात्री बस पर अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं. गनीमत रही कि इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना अब तक नहीं मिली है, लेकिन बस में सवार यात्री बुरी तरह सहम गए.

पुलिस की मुस्तैदी से पकड़ा गया अपराधी
घटना के वक्त मौके पर अरगोड़ा थाना की पीसीआर और पेट्रोलिंग पार्टी मौजूद थी. गोलीबारी की आवाज सुनते ही पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और अपराधियों का पीछा करना शुरू कर दिया. पुलिस ने साहस का परिचय देते हुए घेराबंदी कर एक अपराधी को मौके से ही धर दबोचा. हालांकि, अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर उसके दो अन्य साथी फरार होने में सफल रहे.
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि फरार अपराधियों के ठिकाने और इस हमले के पीछे के मकसद का पता लगाया जा सके.
