News Desk : दिल्ली के वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज और सफदरजंग अस्पताल में प्रोजेक्ट नर्स के पदों पर भर्ती निकाली गई है. यह नियुक्ति प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के तहत की जाएगी और चयन केवल वॉक-इन इंटरव्यू के आधार पर होगा. उम्मीदवारों को किसी तरह का ऑनलाइन आवेदन भरने की जरूरत नहीं है, बल्कि तय तारीख पर जरूरी दस्तावेजों के साथ सीधे इंटरव्यू में शामिल होना होगा.

Also Read : भिक्षावृत्ति मुक्त बिहार की ओर बड़ा कदम: 38 जिलों में एक साथ शुरू हुआ विशेष सर्वे अभियान
26 मार्च को होगा इंटरव्यू, 15 महीने की होगी नियुक्ति
अस्पताल प्रशासन के अनुसार वॉक-इन इंटरव्यू 26 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा. इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर संबंधित कार्यालय में पहुंचना होगा. यह भर्ती 15 महीने की निश्चित अवधि के लिए होगी. चयनित उम्मीदवारों को अनुभव के आधार पर वेतन दिया जाएगा. फ्रेशर्स को 22 हजार रुपये प्रतिमाह और दो साल या उससे अधिक अनुभव वाले अभ्यर्थियों को 25 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे. यह वेतन फिक्स होगा और इसमें अतिरिक्त भत्ते शामिल नहीं होंगे.
योग्यता, उम्र सीमा और जरूरी जिम्मेदारियां
इस भर्ती के लिए वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिनके पास जीएनएम या एएनएम की डिग्री हो. साथ ही वर्ड, एक्सेल और ईमेल का सामान्य ज्ञान तथा कंप्यूटर की बुनियादी समझ जरूरी है. अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष निर्धारित की गई है. चयनित उम्मीदवारों को मरीजों की पात्रता जांचना, लिखित सहमति लेना, मेडिकल जानकारी दर्ज करना, जांच रिपोर्ट सुरक्षित रखना और क्लीनिकल स्टडी से जुड़े दस्तावेजों को संभालना जैसी जिम्मेदारियां निभानी होंगी. इंटरव्यू में शामिल होने के लिए पहचान पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र, श्रेणी प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो सहित सभी स्व-सत्यापित दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा.

