Chaibasa : चक्रधरपुर नगर स्थित मारवाड़ी प्लस टू विद्यालय सभागार में चक्रधरपुर प्रखंड के शिक्षकों की गोष्ठी आयोजित की गई. गोष्ठी की अध्यक्षता जगन्नाथपुर प्रखंड के क्षेत्र शिक्षा प्रसार पदाधिकारी राजेश पासवान ने की. बैठक में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
14 अगस्त तक हर हाल में प्रशिक्षण पूरा करने का दिया निर्देश
गोष्ठी में विद्यालयों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने और स्वच्छ वातावरण में पठन-पाठन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. जिन शिक्षकों की सतत व्यावसायिक विकास (CPD) प्रशिक्षण अभी तक पूर्ण नहीं हुई है, उन्हें 14 अगस्त तक हर हाल में प्रशिक्षण पूरा करने का निर्देश दिया गया. बैठक में सभी विद्यालयों को प्रतिदिन शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए गए. वहीं एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्राथमिक विद्यालयों में 50, मध्य विद्यालयों में 75 और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 100 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया.

स्कूलों में शैक्षणिक सुधार की पहल
इसके अलावा प्रत्येक माह स्प्लिट सिलेबस अपडेट करने, आंतरिक परीक्षाओं का विवरण EVV पोर्टल पर अपलोड करने, सभी विद्यार्थियों का अपार ID बनाना सुनिश्चित करने और यू-डायस का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों ने सभी शिक्षकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों को पूर्ण करने का आह्वान किया. बैठक में BPO बलराज कपूर, पवन कुमार सिंह सहित चक्रधरपुर प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक और शिक्षिकाएं उपस्थित थे.

Also Read : JPSC आंदोलन: जयपाल सिंह मुंडा मैदान में अनशन पर बैठे छात्र की तबियत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

