Ranchi : स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है. झारखंड मेडिकल एंड हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एंड प्रोक्योरमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (जेएमएचआइडीपीसीएल) के प्रबंध निदेशक शशि प्रकाश झा को उनके पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने इस संबंध में गुरुवार को आदेश जारी किया. विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के निर्देश पर संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला ने अधिसूचना जारी की. विभाग में इस कार्रवाई को टेंडर विवाद और अनियमितताओं से जोड़कर देखा जा रहा है.
Also Read : 30 मई को लोहरदगा में होगा छोटानागपुर बॉक्साइड एंड कोल वर्कर्स यूनियन का महाधिवेशन

टेंडर विवाद और ऑडिट रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई.
सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से जेएमएचआइडीपीसीएल में टेंडर प्रक्रिया और वित्तीय मामलों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं. वहीं महालेखाकार (एजी) की ऑडिट रिपोर्ट में भी कई कार्यों और खर्चों पर गंभीर सवाल उठाए गए थे. इसी के बाद विभाग ने यह बड़ा फैसला लिया. अब विभाग में पदस्थापित अपर सचिव विद्यानंद शर्मा पंकज को जेएमएचआइडीपीसीएल के एमडी पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. वहीं शशि प्रकाश झा को उनके मूल कार्यों के साथ निदेशक आयुष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. इससे पहले यह जिम्मेदारी सीमा कुमारी उदयपुरी संभाल रही थीं. जिन्हें अब इस प्रभार से मुक्त कर दिया गया है.
