एबीवीपी के शिक्षा मेले में उमड़ा युवाओं का सैलाब, मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान

Khunti: शिक्षा, सम्मान और छात्र शक्ति का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) खूंटी द्वारा...

ABVP
शिक्षा मेले का उद्घाटन करते पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा

Khunti: शिक्षा, सम्मान और छात्र शक्ति का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) खूंटी द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह सह शिक्षा मेला का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और युवाओं की भारी भीड़ ने पूरे माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, कि “युवा ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं और शिक्षा ही उनका सबसे बड़ा हथियार है.” उनके संबोधन के दौरान पूरा सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा.

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल छात्र संगठन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की आवाज

कार्यक्रम में बिरसा कॉलेज के प्रचार प्रभारी डॉ. चंद्र किशोर भगत, मोशनी पॉल, एबीवीपी प्रतिनिधि प्रकाश टूटी, एबीवीपी खूंटी के महामंत्री, नगर पंचायत खूंटी की प्रतिनिधि रानी टूटी तथा भाजपा जिला अध्यक्ष आनंद कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी वक्ताओं ने छात्रों को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और अपने अधिकारों के लिए आगे आने का संदेश दिया. वक्ताओं ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की आवाज है. शिक्षा, छात्रवृत्ति, पुस्तक उपलब्धता, कॉलेज समस्याओं और छात्र हितों के मुद्दों पर एबीवीपी हमेशा संघर्ष करती रही है. संगठन हर उस छात्र के साथ खड़ा रहता है, जिसे शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की परेशानी होती है.

मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच पर किया गया सम्मानित

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक पल वह रहा जब मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया. सम्मान पाकर छात्रों के चेहरे गर्व और खुशी से खिल उठे. पूरे समारोह में छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा था. शिक्षा मेले में करियर, उच्च शिक्षा और छात्र जीवन से जुड़ी जानकारियां भी साझा की गईं. कार्यक्रम के अंत तक पूरा माहौल युवा ऊर्जा, प्रेरणा और जोश से सराबोर नजर आया. खूंटी में आयोजित यह शिक्षा मेला सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला प्रेरणादायक मंच बन गया.

यह भी पढ़ें: हजारीबाग: ऑक्सीजन नहीं मिलने से थैलेसीमिया मरीज की मौत, अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का आरोप

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *