Ranchi : तमाड़ थाना क्षेत्र के प्रतापपुर सड़क किनारे बीती देर रात 30 वर्षीय एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. मृतक ने शर्ट और पैंट पहन रखा था. पुलिस के अनुसार उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को प्रतापपुर सड़क किनारे लाकर फेंक दिया गया.
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में शव लगभग 3 से 4 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं. तमाड़ पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि फोटो में दिख रहे युवक को कोई पहचानता हो या उसके संबंध में किसी प्रकार की जानकारी हो, तो तत्काल तमाड़ थाना अथवा अपने नजदीकी पुलिस थाना को सूचना दें. पुलिस का कहना है कि आमजन की एक छोटी-सी सूचना भी मृतक की पहचान और पूरे मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है. पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

Also Read : कोडरमा मे दर्जनों लोगों से लाखों रूपये ठगी करने वाले फरार अभियुक्त कोलकाता से गिरफ्तार


