Palamu: सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाने वाली संस्था ‘वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट’ द्वारा आज रामगढ़ थाना क्षेत्र के नावाडीह मिशन स्कूल में एक विशाल कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान हजारों बच्चों के बीच सड़क सुरक्षा जागरूकता, ‘गुड टच-बैड टच’ अवेयरनेस प्रोग्राम और डेंटल चेकअप कैंप का सफल आयोजन हुआ.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था की सचिव शर्मिला वर्मा ने कहा कि उनका एकमात्र उद्देश्य पलामू को सड़क दुर्घटना मुक्त बनाना है. उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी कोशिश छोटी जरूर है, लेकिन यह निरंतर जारी है ताकि कीमती जानों को बचाया जा सके. साथ ही, बच्चों को यौन हिंसा से सुरक्षित रखने के लिए ‘गुड टच-बैड टच’ के प्रति जागरूक करना भी उनकी प्राथमिकता है.


बच्चों को सड़क सुरक्षा और आत्मरक्षा की दी गई जानकारी
शिविर के दौरान डॉक्टर अमितू सिंह ने सैकड़ों बच्चों के दांतों की निःशुल्क जांच की और उन्हें जरूरी दवाइयां व परामर्श दिए. वहीं, रानू सिन्हा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
एक रोचक उदाहरण देते हुए लक्ष्य श्रेष्ठ ने कहा कि आज के दौर में लोग अपने मोबाइल की सुरक्षा के लिए महंगे टेंपर ग्लास और कवर का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन सड़क पर चलते समय हेलमेट लगाना जरूरी नहीं समझते. उन्होंने बच्चों को समझाया कि मोबाइल से पहले अपने सिर को बचाएं, क्योंकि आप जीवित रहेंगे तभी मोबाइल का उपयोग कर पाएंगे.
रामगढ़ थाना के अशोक सिंह ने छात्रों को ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर होने वाले दंड और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. मंजू चंद्रा ने बच्चों को सतर्क करते हुए कहा कि असुरक्षा केवल बाहर ही नहीं, बल्कि घरों में भी हो सकती है, इसलिए ‘गुड टच-बैड टच’ की सही समझ होना हर बच्चे के लिए अनिवार्य है.
स्कूल की सिस्टर सेवेस्टीना ने वरदान टीम के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की और हर विद्यालय में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता जताई. इस अवसर पर शर्मिला वर्मा, रानू सिन्हा, ज्योति सिंह, लक्ष्य श्रेष्ठ, मंजू चंद्रा, डॉक्टर अमितू सिंह और नीलम सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहीं.
