Giridih: उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर निदेशक डीआरडीए रंथू महतो ने शुक्रवार को जमुआ प्रखंड कार्यालय में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, अबुआ आवास योजना, बायोमेट्रिक अटेंडेंस और अन्य विकासात्मक योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की. बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे.
आवास योजनाओं पर विशेष जोर
समीक्षा के दौरान निदेशक डीआरडीए ने प्रधानमंत्री आवास योजना और अबुआ आवास योजना के लंबित मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योग्य लाभुकों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने कहा कि आवास योजनाएं सरकार की प्राथमिक योजनाओं में शामिल हैं और इनके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने लंबित भुगतान, निर्माण कार्य की प्रगति और जियो टैगिंग की स्थिति की भी जानकारी ली.

मनरेगा कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
मनरेगा योजनाओं की समीक्षा करते हुए रंथू महतो ने अधिकाधिक मानव दिवस सृजित करने, योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने तथा मजदूरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग जरूरी है, ताकि आम लोगों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके.
Also Read: झारखंड हाईकोर्ट में 16 मई से 7 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश, इस दौरान वेकेशन बेंच विकल्प
बायोमेट्रिक उपस्थिति पर सख्त निर्देश
बैठक में बायोमेट्रिक अटेंडेंस व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई. निदेशक डीआरडीए ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अधिकारी और कर्मी प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से पहले अपने कार्यालयों में उपस्थित होकर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करें. उन्होंने कहा कि कार्यालय संचालन में अनुशासन और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है तथा कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
अनुपस्थित कर्मियों पर होगी कार्रवाई
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित उपस्थिति मॉनिटरिंग करने तथा बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया.
टीम भावना से काम करने की अपील
निदेशक डीआरडीए ने कहा कि जिला प्रशासन विकास योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होगा.
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, परियोजना पदाधिकारी, मनरेगा के जिला समन्वयक, सभी बीपीओ समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
