News Wave Desk : जेठ महीने की भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच बाजारों में लीची की मिठास लोगों को राहत पहुंचा रही है. सुबह होते ही फल मंडियों और सड़क किनारे लगे फलों के दुकानों पर लीची खरीदने वालों की भीड़ उमड़ने लगी है, लाल रंग की ताजी और रसदार लीची लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है. गर्मी से परेशान लोग इस मौसम में लीची को स्वाद और ठंडक का बेहतरीन विकल्प मान रहे हैं. फल विक्रेताओं के अनुसार इस बार मौसम अनुकूल रहने के कारण लीची की पैदावार अच्छी हुई है. बिहार, झारखंड और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में लीची बाजारों तक पहुंच रही है. अच्छी आवक होने से कीमतें भी सामान्य बनी हुई हैं, जिससे मध्यम वर्गीय परिवार भी आसानी से लीची खरीद पा रहे हैं. दुकानदारों का कहना है कि दोपहर और शाम के समय सबसे अधिक बिक्री हो रही है.
गर्मी के इस मौसम में घरों में भी लीची से बने कई व्यंजन

विशेषज्ञ बताते हैं कि लीची केवल स्वादिष्ट फल ही नहीं बल्कि गर्मी में शरीर के लिए बेहद फायदेमंद भी है. इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करती है. इसके अलावा लीची में विटामिन-सी, पोटैशियम और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को ऊर्जा देने के साथ रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ाते हैं. तेज धूप और लू के बीच लीची शरीर को ताजगी और ठंडक पहुंचाने का काम करती है. हालांकि डॉक्टरों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह भी दी है. उनका कहना है कि लीची का सेवन हमेशा संतुलित मात्रा में करना चाहिए और खाली पेट ज्यादा लीची खाने से बचना चाहिए. खासकर छोटे बच्चों को सीमित मात्रा में ही लीची खिलाने की सलाह दी गई है. गर्मी के इस मौसम में घरों में भी लीची से बने कई व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं. लोग लीची शेक, जूस, आइसक्रीम और फ्रूट सलाद का आनंद ले रहे हैं, बच्चों में लीची फ्लेवर वाली ठंडी ड्रिंक्स और मिठाइयों की मांग बढ़ गई है,
गर्मी और उमस भरे मौसम में लीची न केवल लोगों को स्वाद का आनंद दे रही है, बल्कि शरीर को ठंडक और ताजगी देकर राहत भी पहुंचा रही है. यही वजह है कि इन दिनों बाजारों में लीची की रौनक सबसे ज्यादा देखने को मिल रही है.
