Ranchi: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में हटिया विधायक नवीन जायसवाल, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाची निबंधक पदाधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे. बैठक के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए. उन्होंने बताया कि झारखंड में SIR की क्वालीफाइंग डेट 1 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: विदेश के युवक से फेसबुक पर दोस्ती, फिर न्यूड वीडियो कॉल, महिला से 2.50 लाख की ठगी, ‘डॉ. शिवा’ के खिलाफ प्राथमिकी

पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से राजनीतिक दलों को एसआईआर की प्रक्रिया बताई गई
बैठक में पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया समेत अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से दी गईं. साथ ही निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के जरिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने की प्रक्रिया भी समझाई गई. निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के तहत विभिन्न श्रेणी के मतदाताओं की पहचान, मतदाताओं की मैपिंग तथा अनमैप्ड मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा हुई. उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने और योग्य मतदाताओं को जरूरी दस्तावेजों के साथ इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की. बैठक में सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर जल्द से जल्द बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया. इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए तथा उनके सवालों का अधिकारियों द्वारा विस्तार से जवाब दिया गया.

झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्यक्रम
क्वालीफाइंग डेट : 01 अक्टूबर 2026
तैयारी, प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग : 20 जून से 29 जून 2026
बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन : 30 जून से 29 जुलाई 2026
मतदान केंद्रों का रैशनलाइजेशन : 29 जुलाई 2026 तक
ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन : 05 अगस्त 2026
दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की अवधि : 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026
दावा एवं आपत्तियों का निष्पादन : 05 अगस्त से 03 अक्टूबर 2026
अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन : 07 अक्टूबर 2026
