Ranchi: आगामी मॉनसून एवं वर्षा ऋतु को देखते हुए रांची नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है. शहर में जलजमाव की समस्या से निपटने और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में व्यापक स्तर पर विशेष सफाई एवं नाला सफाई अभियान चलाया जा रहा है. निगम का लक्ष्य मॉनसून के दौरान नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है.

तय समय पर सफाई कार्य सुनिश्चित करने के लिए प्लान तैयार
नगर निगम द्वारा छोटे और बड़े नालों की नियमित एवं गहन सफाई युद्धस्तर पर कराई जा रही है. इसके लिए वार्डवार बीट प्लान तैयार किया गया है, ताकि हर इलाके में तय समय पर सफाई कार्य सुनिश्चित हो सके. अभियान के तहत जाम नालियों की सफाई, बड़े नालों से गाद हटाने, बंद पड़ी नालियों को चालू करने, घास कटाई, ब्लीचिंग पाउडर एवं एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव लगातार कराया जा रहा है. इसका उद्देश्य जलजनित एवं मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम करना है.
मॉनसून के दौरान जल निकासी व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए निगम आधुनिक मशीनों और संसाधनों का भी उपयोग कर रहा है. जेसीबी, सुपर शकर मशीन, स्किड लोडर और डिसिल्टिंग मशीन के माध्यम से शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है.
कई महत्वपूर्ण स्थानों पर की गई नालों की सफाई
आज 19 मई को निगम क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण स्थानों पर बड़े स्तर पर सफाई कार्य किए गए. जेसीबी मशीन से वार्ड नंबर 10 के भाभानगर, वार्ड 16 के इस्लाम नगर, वार्ड 17 में वाईएमसीए के पास तथा वार्ड 27 के इरगुटोली स्थित बड़े नालों की सफाई की गई. सुपर शकर मशीन के जरिए वार्ड नंबर 03 स्थित आईएमए करमटोली चौक और वार्ड नंबर 47 के नामकुम तेतल टोली इलाके में जाम नालियों को साफ किया गया. वहीं डिसिल्टिंग मशीन से वार्ड 41 स्थित इलेक्शन ऑफिस मार्ग में जाम नाली की सफाई की गई. स्किड लोडर यानी मिनी जेसीबी के माध्यम से वार्ड नंबर 29 के गाड़ीखाना चौक एवं किशोरगंज चौक के पास नालों की सफाई कराई गई, जबकि वार्ड नंबर 44 के पारसटोली क्षेत्र में भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया.
इसके अतिरिक्त मैनुअल माध्यम से अरगोड़ा, सर्कुलर रोड, बर्धमान कंपाउंड, करमटोली, कुसुम बिहार, अपर बाजार, हिनू, हिंदपीढ़ी, चर्च रोड, इंद्रपुरी कॉलोनी, मधुकम, पंडरा बैंक कॉलोनी, पंचशील नगर, विद्यानगर और साकेत नगर समेत कई इलाकों में नालियों की सफाई की गई.
संवेदनशील क्षेत्रों पर रखी जा रही विशेष नजर
नगर निगम के अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और जलजमाव प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि बारिश के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. वहीं, रांची नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है, कि वे नालियों में कूड़ा-कचरा न डालें, जल निकासी मार्गों पर अतिक्रमण न करें और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें. साथ ही निगम ने कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में नाली जाम, जल निकासी बाधित होने या सफाई से जुड़ी कोई समस्या हो तो नागरिक टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
