Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके नेताओं की सबसे बड़ी समस्या यह है कि अब वे लोकतंत्र में सवाल पूछने को भी अपराध मानने लगे हैं.
महंगाई-बेरोजगारी पर जवाब मांगा
राकेश सिन्हा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू से सवाल करते हुए कहा कि देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली और युवाओं के भविष्य को लेकर जवाब चाहती है. लेकिन भाजपा हर सवाल और आलोचना को “प्रधानमंत्री का अपमान” बताकर अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है.
राहुल गांधी के मुद्दे उठाने से भाजपा परेशान : कांग्रेस
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को उठा रहे हैं, इसी वजह से भाजपा घबराई हुई है. कांग्रेस का आरोप है कि पिछले कुछ वर्षों में भाजपा ने लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया, विपक्ष की आवाज दबाई और असली मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने की राजनीति की.
Read Also: मध्य प्रदेश का गिरोह रांची में मचा रखा था तांडव, मैरिज हॉल से शादी के दिन हुए ज्वेलरी की चोरी मामले में मोछू गिरफ्तार
गरीब और मध्यम वर्ग पर बढ़ा बोझ
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा गरीब परिवार की राजनीति करती है, लेकिन आज सबसे ज्यादा परेशानी गरीब और मध्यम वर्ग झेल रहा है. रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है, जबकि करोड़ों युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं.
संविधान और जनता की ताकत से चलता है देश
राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस साफ तौर पर मानती है कि देश किसी एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि संविधान और जनता की ताकत से चलता है. लोकतंत्र में प्रधानमंत्री और सरकार से सवाल पूछना जनता का अधिकार है, न कि कोई अपराध. उन्होंने भाजपा को सलाह दी कि आलोचना सुनने और जवाबदेही निभाने की आदत डालनी चाहिए.