Palamu : जिला क़े हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य बाजार मदरसा मार्केट क़े सामने स्थित मीट-मुर्गा मार्केट होते हुए संगत मुहल्ला और कुर्मी टोला जपला जाने वाली सड़क पर पिछले एक सप्ताह से आवागमन प्रभावित है. जानकारी के अनुसार नगर पंचायत हुसैनाबाद द्वारा नाली सफाई के लिए सड़क किनारे लगी नाली की पटिया हटाई गई थी. लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पटिया को दोबारा नाली पर नहीं रखा गया है. पटिया हटे रहने से स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

खासकर चिकन एवं अन्य सामान खरीदने आने वाले ग्राहक अपने वाहन मुख्य सड़क पर खड़ा कर बाजार के अंदर चले जाते हैं, जिससे प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है. बाजार से गुजरने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है. स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द नाली की पटिया लगाकर सड़क को पूर्ववत बहाल करने की मांग की है. ताकि दुकानदारों, मुहल्लावासियों और आम राहगीरों को राहत मिल सके.
ALSO READ : गुमला: 6 घंटे में अपहरण कांड का खुलासा, नगड़ी से आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग छात्रा सकुशल बरामद
