हजारीबाग: जिले में पिछले कुछ समय से बढ़ रही छिनतई और झांसा देकर गहने ठगने की घटनाओं की डीआईजी ने समीक्षा की. सोमवार को डीआईजी ने सदर SDPO और विभिन्न थानों के प्रभारियों के साथ बैठक की.

थाना क्षेत्रों के मामलों का विश्लेषण
बैठक के दौरान सदर थाना, लोहसिंघना थाना, बड़ा बाजार ओपी और कोर्रा थाना क्षेत्र में पिछले दो महीनों में हुई छिनतई और धोखाधड़ी की वारदातों का विस्तार से विश्लेषण किया गया. डीआईजी ने इन मामलों की वर्तमान स्थिति और अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली.
त्वरित निष्पादन के निर्देश
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी लंबित मामलों का निष्पादन तेज गति से किया जाए. डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को आदेश दिया कि घटनाओं में शामिल आपराधिक गिरोहों के सदस्यों को अविलंब चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए.
पड़ोसी जिलों में भी सक्रिय गिरोह
समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि इस तरह की घटनाएं केवल हजारीबाग तक सीमित नहीं हैं. पड़ोसी जिलों गिरिडीह और रामगढ़ में भी इसी प्रकार के गिरोह सक्रिय हैं. डीआईजी ने इन जिलों के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया.

