Gumla: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के आकाशी उजड़ा गांव के रहने वाले तीन दोस्तों की सड़क दुर्घटना में बुधवार देर रात दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

दुर्घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना के एसआई धर्मपाल संतोष लगून मौके पर पहुंचे और गुरुवार को तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया.
मृतकों की पहचान उजड़ा गांव निवासी अक्षय केरकेट्टा (19) पिता जितेंद्र केरकेट्टा, आर्यन टोप्पो (18) पिता कुलदीप टोप्पो और संजीत केरकेट्टा (18) पिता स्वर्गीय भुनेश्वर लोहरा के रूप में की गई है.
बताया गया कि अक्षय केरकेट्टा ने वर्ष 2026 में संत अन्ना विद्यालय से इंटर की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी. वहीं आर्यन टोप्पो संत पाट्रिक स्कूल का 11वीं का छात्र था. जबकि संजीत केरकेट्टा दसवीं पास करने के बाद दो वर्ष पूर्व पढ़ाई छोड़ चुका था.
आम के पेड़ से टकराई बाइक
परिजनों के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर चैनपुर से अपने घर लौट रहे थे. बुधवार रात करीब 8 बजे डढ़गांव के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित आम के पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि तीनों किसी शादी समारोह में शामिल होने के बाद लौट रहे थे. हादसे के समय किसी ने हेलमेट नहीं पहन रखा था. वहीं नशे की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. परिजनों के साथ ग्रामीण भी सदमे में हैं. इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर लापरवाही सामने आ रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
