Ranchi: झारखंड सरकार की ओर से आयोजित दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन को लेकर कांग्रेस ने इसे राज्य के दीर्घकालिक विकास की दिशा में अहम पहल बताया है. प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि इस मंथन से तैयार होने वाली नीतियां झारखंड में निवेश बढ़ाने, नए उद्योग स्थापित करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आयोजित यह कंसल्टेशन केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि सरकार विकास का नया मॉडल तैयार कर रही है, जिसमें उद्योग, तकनीक, पर्यटन और कौशल विकास को प्राथमिकता दी गई है.
यह भी पढ़ें: सांसद संजय सेठ ने आधुनिक ट्रैफिक पुलिस पोस्ट का किया लोकार्पण, पुलिस प्रशासन को सौंपी चाबी

राज्य सरकार IT और AI में नई नीति लाने की कर रही तैयारी
सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में नई नीति लाने की तैयारी कर रही है. इसके साथ ही रांची आईटी पार्क के विस्तार और वैश्विक तकनीकी कंपनियों के साथ संभावित सहयोग से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे. उन्होंने कहा कि प्रस्तावित नई पर्यटन नीति झारखंड के जलप्रपातों, धार्मिक स्थलों, जंगलों और आदिवासी संस्कृति को नई पहचान दिलाने का माध्यम बनेगी. इससे पर्यटन क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा और होटल, परिवहन, हस्तशिल्प समेत कई क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे. कांग्रेस नेता ने कहा कि नई झारखंड इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पॉलिसी और डिजिटल सिंगल विंडो सिस्टम से उद्योगों को बेहतर और पारदर्शी माहौल मिलेगा. इससे राज्य में बड़े निवेश आने की संभावना बढ़ेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.
यह भी पढ़ें: रांची विश्वविद्यालय में खत्म होगी कागजी व्यवस्था, परीक्षा से डिग्री तक सभी सेवाएं होंगी ऑनलाइन
राकेश सिन्हा ने भाजपा पर साधा निशाना
राकेश सिन्हा ने दावा किया कि प्रस्तावित टेक्सटाइल नीति महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी. उनके अनुसार इस नीति से करीब 20 हजार रोजगार सृजित होने की संभावना है और महिलाओं को वस्त्र उद्योग से जोड़ने के लिए विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा. भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने झारखंड को केवल खनिज संपदा तक सीमित रखा, जबकि वर्तमान सरकार राज्य को उद्योग, तकनीक, पर्यटन और कौशल आधारित अर्थव्यवस्था के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है. उन्होंने कहा कि नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन में विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों से मिले सुझाव भविष्य की नीतियों का आधार बनेंगे. इससे झारखंड निवेश, नवाचार, औद्योगिक विकास, महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन के क्षेत्र में नई पहचान हासिल करेगा.


