Chakradharpur: बंदगांव प्रखंड के मेरोमगुटु पंचायत के मुरूमबुरा गांव में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा ने मनरेगा बचाव अभियान के तहत उपस्थित ग्रामीणों से संवाद किया. साथ ही अन्य समस्याओं पर भी विस्तार पूर्वक चर्चा परिचर्चा की गई. इस दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि गांव में बहुत से से ऐसे बुजुर्ग हैं, जिनकी उम्र 60 से ज्यादा है लेकिन आधार कार्ड में त्रुटि होने के कारण उन्हें पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है. गांव का सामुदायिक भवन भी जर्जर स्थिति में है, जहां बच्चों को ग्रामीणों द्वारा सामूहिक प्रयास से फ्री कोचिंग की सुविधा प्रदान की जाती है.

मनरेगा मजदूरों से उनका हक अधिकार छिनने का काम कर रही सरकार
बैठक में उपस्थित सभी लोगों की समस्याओं को सुनने के बाद युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा, कि जिस तरह आज केंद्र सरकार मनरेगा कानून में बदलाव करके मनरेगा मजदूरों से उनका हक अधिकार छिनने का काम कर रही है, इसका असर सीधे अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाला है. क्योंकि कोविड जैसी वैश्विक महामारी में भी मनरेगा ही ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए सहारा बनी थी, लेकिन आज केंद्र सरकार अपनी हठधर्मिता के कारण देश के लोगों के लिए सिर्फ सरदर्द बनकर रह गई है. देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है और देश के प्रधानमंत्री विदेश जाकर मेलोडी चॉकलेट गिफ्ट करने में मशगूल हैं.
बांकिरा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी जी ने ये स्वीकार कर लिया है, कि वे देश चलाने में नाकाम हो चुके हैं. इसलिए अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं और अपनी सारी जिम्मेदारी जनता पर थोपने का काम कर रहे हैं. कार्यक्रम में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष जदुराय मुंडरी, युवा कांग्रेस नेता सन्नी रॉबर्ट अंथोनी, रवि मुंडरी, बबलू मुंडरी, श्याम मुंडरी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: हक और न्याय के लिए अब होगी आर-पार की लड़ाई: राजेंद्र सिंह
