Chainpur: झारखंड मुक्ति मोर्चा के बैनर तले बुधवार को चैनपुर अनुमंडल में एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक संपन्न हुई. चैनपुर के पारिस के प्रतिष्ठान में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता माननीय विधायक सह जिला अध्यक्ष भूषण तिर्की ने की. बैठक में चैनपुर, डुमरी और जारी प्रखंड के बीएलए-2, पंचायत समिति, प्रखंड समिति एवं जिला समिति के सम्मानित पदाधिकारी और कार्यकर्ता भारी संख्या में शामिल हुए. बैठक को संबोधित करते हुए विधायक भूषण तिर्की ने जमीनी स्तर पर काम कर रहे सभी कार्यकर्ताओं को सामाजिक सोच के साथ आगे बढ़ने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि स्पेशल समरी रिवीजन के तहत इस क्षेत्र के लोगों का एक भी नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए. यह कार्य एक संकल्प के रूप में लिया जाना चाहिए, क्योंकि मतदाता सूची में नाम होना हर नागरिक के लिए बेहद आवश्यक है.
29 जुलाई तक सभी फॉर्म भरने का लक्ष्य, चैनपुर अनुमंडल मुख्यालय में एम्बुलेंस की भी घोषणा
विधायक भूषण तिर्की ने कहा कि अगर मतदाता सूची में नाम छूट जाता है, तो लोग पासपोर्ट, रेल सफर और बैंक अकाउंट जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं से भी वंचित रह जाते हैं. इसलिए अपने गांव, घर, मोहल्ले और टोले में पूरी सक्रियता से काम करें. विधायक ने जोर देकर कहा कि जारी में 93% और चैनपुर-डुमरी में 88% मैपिंग का कार्य हुआ है, जिसे शत-प्रतिशत (100%) तक पहुंचाना है. उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता से अपील की कि 29 जुलाई तक हर हाल में सभी आवश्यक फॉर्म भर लिए जाएं. खेती-किसानी और वर्षा ऋतु का समय होने के बावजूद, उन्होंने इस कार्य को ‘करो या मरो’ की स्थिति के रूप में गंभीरता से लेने को कहा. फॉर्म भरने में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी सेविका के साथ प्रशासनिक व्यवस्था के तहत पढ़े-लिखे वॉलंटियर्स और शिक्षकों को लगाया गया है, जिनके सहयोग से शत-प्रतिशत नाम जोड़े जाएंगे.

बैठक में यह बात प्रमुखता से उठाई गई कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार द्वारा कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जैसे अबुआ आवास योजना, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और मंईयां सम्मान योजना. इन सभी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, ब्लॉक से जुड़े कार्यों या थाना से जुड़े मामलों के लिए मतदाता सूची में नाम और पहचान पत्र होना अनिवार्य है. इसलिए आदिवासी और मूलवासी बहुल इस क्षेत्र में कोई भी भाई, बहन, माता या पिता इस सूची से बाहर न रहे. बैठक के अंत में क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं पर बात करते हुए विधायक भूषण तिर्की ने एक बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि चैनपुर अनुमंडल मुख्यालय में जल्द ही एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए होने वाली परेशानियों से निजात मिल सके. मंच का संचालन पोलिकारप तिर्की ने किया. इस दौरान गुमला जिला सचिव अरशद अंसारी, संगठन सचिव सह केंद्रीय सदस्य सेंडरार, जिला नगर अध्यक्ष वसीम खान, जिला संयुक्त सचिव शमीम खान, जिला महिला सचिव सह केंद्रीय सदस्य फजिरत्ता बारला, चैनपुर प्रखंड अध्यक्ष पोलिकारप बारला, जयमसीह कुजूर, विन्सेन्ट कुजूर, महिला मोर्चा अध्यक्षा मोनिका एक्का, शोषन लकड़ा, शकील खान, फिनोमिना कच्छप और प्रखंड सचिव शहादत हुसैन सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.


