Ranchi: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत रांची नगर निगम ने शहर को और साफ व पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए बड़ी पहल की है. निगम ने शहर के छह अलग-अलग क्षेत्रों में RRR (रिड्यूस, रीयूज, रीसायकल) केंद्र शुरू किए हैं.

इन केंद्रों का मकसद है कचरे को कम करना, पुरानी चीजों का दोबारा उपयोग बढ़ाना और रीसाइक्लिंग की आदत को मजबूत करना.
अटल स्मृति वेंडर मार्केट में RRR केंद्र का निरीक्षण
आज अपर प्रशासक संजय कुमार ने अटल स्मृति वेंडर मार्केट के तीसरे तल पर बने RRR केंद्र का निरीक्षण किया. यहां स्वयं सहायता समूह की महिलाएं पुराने कागज से ठोंगा (पेपर पैकेट) और पुराने कपड़ों से इको-फ्रेंडली बैग बना रही हैं. यह पहल न केवल पर्यावरण की रक्षा कर रही है, बल्कि महिलाओं को रोजगार का अवसर भी दे रही है.
Also Read: सरायकेला- हुमीद ओपी में भीषण आग, कई वाहन जलकर खाक
महिलाओं को जोड़ा जाएगा स्वरोजगार से
निरीक्षण के दौरान अपर प्रशासक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ज्यादा से ज्यादा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को इन केंद्रों से जोड़ा जाए. उन्हें स्वरोजगार योजनाओं का लाभ दिलाकर आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जाए. साथ ही, इन उत्पादों को बाजार तक सीधे पहुंचाने के लिए एक मजबूत सप्लाई चेन तैयार करने के भी निर्देश दिए गए.
शहरवासियों से सहयोग की अपील
अपर प्रशासक ने कहा कि निगम चाहता है कि लोग पर्यावरण के प्रति जागरूक बनें. पुराने कपड़े, कागज और अन्य रीसायकल योग्य सामान फेंकने के बजाय RRR केंद्रों तक पहुंचाएं, ताकि उनका दोबारा उपयोग हो सके.

