Ranchi: इस्कॉन रांची की ओर से शुक्रवार को आयोजित श्री हरे कृष्ण उत्सव में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शामिल हुए. इस दौरान राज्यपाल ने भक्तिमय माहौल में कीर्तन का श्रवण किया और प्रभु भक्ति में लीन नजर आए. उत्सव को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने इस्कॉन संस्था की सराहना की और कहा कि इस संस्था से उनका बहुत पुराना और गहरा जुड़ाव रहा है. उन्होंने उत्तर प्रदेश की बरेली का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी इस्कॉन द्वारा समाजहित में अनेक सराहनीय और प्रेरणादायी कार्य किए जा रहे हैं.

झारखंड में आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यों की सराहना
राज्यपाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, कि इस्कॉन न केवल देश-दुनिया में, बल्कि झारखंड में भी आध्यात्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अत्यंत सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है. मानवता और समाज सुधार के क्षेत्र में संस्था का योगदान अतुलनीय है.
जनजातीय समाज को जोड़ने का किया आह्वान
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस्कॉन प्रबंधन से एक विशेष अपील की. उन्होंने कहा कि संस्था झारखंड के जनजातीय समाज के लोगों को भी अपने साथ अधिक से अधिक जोड़ने का प्रयास करे. उनके बीच जाकर आध्यात्मिक चेतना जगाने और उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाना चाहिए. इस आध्यात्मिक उत्सव में भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने हरिनाम संकीर्तन का आनंद लिया. राज्यपाल के इस आह्वान के बाद उम्मीद जताई जा रही है, कि इस्कॉन आने वाले समय में राज्य के सुदूर जनजातीय इलाकों में अपने सामाजिक और कल्याणकारी कार्यों का विस्तार करेगा.
