हजारीबाग में डेंगू और चमकी बुखार के खिलाफ स्वास्थ्य महकमा अलर्ट: सिविल सर्जन की अध्यक्षता में हुई हाई-लेवल ट्रेनिंग, जुलाई से चलेगा 100 दिवसीय महा-अभियान

Hazaribagh: मानसून की दस्तक से पहले हजारीबाग जिले को खतरनाक वेक्टर जनित बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह...

Hazaribagh: मानसून की दस्तक से पहले हजारीबाग जिले को खतरनाक वेक्टर जनित बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है. राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय सभागार में डेंगू, चिकनगुनिया एवं जापानी इंसेफेलाइटिस से संबंधित एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में मच्छरों से फैलने वाले रोगों की रोकथाम, त्वरित केस मैनेजमेंट और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना था.

डब्ल्यूएचओ विशेषज्ञों ने दिए रोकथाम के टिप्स

प्रशिक्षण सत्र के दौरान जिला वीबीडी पदाधिकारी डॉ. कपिलमुनि प्रसाद एवं वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के एसएमओ डॉ. सुधानन्द ने चिकित्सा कर्मियों और नगर निगम के पदाधिकारियों को डेंगू, चिकनगुनिया एवं जापानी इंसेफेलाइटिस की रोकथाम और नियंत्रण के आधुनिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी. विशेषज्ञों ने बताया कि इन बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए मजबूत सर्विलेंस प्रणाली बेहद जरूरी है. सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि वे पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि जिले के किसी भी हिस्से में बीमारी फैलने न पाए.

जुलाई से शुरू होगा 100 दिवसीय डेंगू सर्विलेंस अभियान

स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि आगामी जुलाई महीने से हजारीबाग शहरी क्षेत्र सहित जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अर्ध-शहरी इलाकों में व्यापक ‘100 दिवसीय डेंगू सर्विलेंस अभियान’ शुरू किया जाएगा. इस अभियान के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ता, वॉलंटियर और सहियाएं घर-घर जाकर कूलर, गमलों और छतों पर जमा पानी की जांच करेंगी तथा डेंगू के लार्वा को नष्ट करने के साथ लोगों को जागरूक भी करेंगी.

ALSO READ: रांची में 20 पुलिस पदाधिकारियों को मिली नई पोस्टिंग, आदेश जारी

जिले में अब तक मिले 5 डेंगू मरीज

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक हजारीबाग जिले में कुल 5 डेंगू मरीज पाए गए हैं, जिनका समय पर इलाज सुनिश्चित किया गया है. वहीं जापानी इंसेफेलाइटिस यानी चमकी बुखार का अब तक कोई मामला सामने नहीं आया है. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मलेरिया निरीक्षक महेन्द्र पाल, वीबीडी सलाहकार मैमूर सुलतान सहित नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *