Jamshedpur : सिदगोड़ा स्थित एग्रिको मैदान में एग्रिको हेल्थ क्लब द्वारा आयोजित 15 दिवसीय समर कैंप के ‘डेमो डे’ का शुक्रवार को भव्य आयोजन हुआ. कैंप में प्रशिक्षण ले रहे बच्चों ने 15 दिनों में सीखी गई गतिविधियों का प्रदर्शन अभिभावकों एवं क्लब के सदस्यों के समक्ष किया.

500 से अधिक बच्चे ले रहे भाग
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय उपस्थित थे. उन्होंने कहा कि एग्रिको हेल्थ क्लब के इस समर कैंप में 500 से अधिक बच्चे भाग ले रहे हैं. बच्चे कराटे, योग, डांस, एथलेटिक्स, पेंटिंग और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण ले रहे हैं. बच्चों का आत्मविश्वास देखने लायक है.
मैदान को खेल के लिए बचाएं” — सरयू राय
विधायक सरयू राय ने कहा कि एग्रिको हेल्थ क्लब वर्षों से दुर्गा पूजा एवं काली पूजा जैसे सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है. क्लब का प्रयास है कि एग्रिको मैदान को व्यवस्थित कर खेल मैदान के रूप में विकसित किया जाए. दुख की बात है कि शासन-प्रशासन से कोई मदद नहीं मिलती, इस मैदान में लगातार शादी-पार्टी, मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं. इससे मैदान की स्थिति खराब हो जाती है. गड्ढे हो जाते हैं, घास उखड़ जाती है. यदि यहां स्थायी रूप से खेल का मैदान रहेगा तो बच्चों को विशेष फायदा होगा. स्वस्थ जमशेदपुर के लिए खेल मैदान जरूरी हैं,” सरयू राय ने कहा. उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि एग्रिको मैदान को व्यावसायिक आयोजनों के लिए प्रतिबंधित कर सिर्फ खेल गतिविधियों के लिए आरक्षित किया जाए.
बच्चों में जगी रुचि” — महासचिव सनोत सिंह
एग्रिको हेल्थ क्लब के महासचिव सनोत सिंह ने बताया कि आज हमने ‘डेमो डे’ आयोजित किया है। 15 दिनों में बच्चों ने जो बेसिक चीजें सीखी हैं और खेल-संस्कृति के प्रति उनकी जो रुचि जगी है, उसे आज मंच पर प्रस्तुत किया गया है, “हमारा उद्देश्य बच्चों को मोबाइल-टीवी से दूर कर मैदान से जोड़ना है. कराटे से आत्मरक्षा, योग से एकाग्रता और खेल से अनुशासन आता है. समर कैंप 30 मई तक चलेगा. समापन पर सभी बच्चों को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे,” सनोत सिंह ने कहा.
अभिभावकों ने की सराहना
डेमो के दौरान बच्चों ने कराटे काता, योगासन, समूह नृत्य और पिरामिड का शानदार प्रदर्शन किया, अभिभावकों ने क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी छुट्टी का सदुपयोग हो रहा है. कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष अरविंद सिंह, उपाध्यक्ष राजेश प्रसाद, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार समेत सैकड़ों अभिभावक मौजूद थे.
