Ranchi: झारखंड में मौसम के दो बेहद खतरनाक रूप एक साथ देखने को मिल रहे हैं. एक तरफ जहां राज्य का उत्तर-पश्चिमी हिस्सा भीषण गर्मी और हीट वेव की चपेट में है, वहीं दूसरी तरफ कई जिलों में आंधी-तूफान और वज्रपात की संभावना है.

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बिहार के ऊपर 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती संचरण बना हुआ है, जबकि एक ट्रफ लाइन दक्षिण-पश्चिम बिहार से झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा होते हुए आंध्र प्रदेश तक गुजर रही है. इसके प्रभाव से राज्य में मौसम का मिजाज बेहद आक्रामक हो गया है.
अगले कुछ दिनों में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
• 23 मई: गढ़वा, पलामू और चतरा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में सूरज आग उगलेगा और हीट वेव चलेगी. वहीं, उत्तर-पूर्वी और मध्य भागों (विशेषकर धनबाद) में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और वज्रपात का अलर्ट है.
• 24 मई: धनबाद और आसपास के इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. राज्य के बाकी मध्य हिस्सों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी के साथ बिजली गिरने की आशंका है. उत्तर-पश्चिमी जिलों में लू का प्रकोप जारी रहेगा.
• 25 मई: उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी झारखंड (पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला) में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और वज्रपात की संभावना है.
• 26 से 29 मई: पूरे राज्य में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं और बिजली गिरने का सिलसिला जारी रहेगा.
Also Read: भीषण गर्मी में वार्डों की हालत बदहाल, ऑक्सीजन प्लांट से लेकर लिफ्ट तक बंद, प्रबंधन मौन
डाल्टनगंज में पारा 44 पार
पिछले 24 घंटों में राज्य में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे ज्यादा बारिश धनबाद के कालियासोल में 40.2 मिलीमीटर दर्ज की गई. लेकिन गर्मी के मोर्चे पर डाल्टनगंज ने रिकॉर्ड तोड़ दिया. यहां पारा 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
प्रमुख शहरों का तापमान
• डाल्टनगंज 44.4 डिग्री सेल्सियस के झुलसाने वाले अधिकतम तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा.
• बोकारो में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
• सरायकेला में दिन का पारा 41.2 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा.
• लोहरदगा में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया.
• चाईबासा और खूंटी दोनों जगहों पर दिन का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
• राजधानी रांची में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ा और यहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि रात में न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
• जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
• पाकुड़ में दिन का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया.
• लातेहार में अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
