गिरिडीह : अवैध आरा मिल में वन विभाग की छापेमारी, क्षेत्र में मचा हड़कंप

Giridih : जमुआ प्रखंड के मिर्जागंज पंचायत अंतर्गत अहरडीह गांव में मंगलवार को वन विभाग की टीम ने कथित रूप से संचालित...

अवैध आरा मिल

Giridih : जमुआ प्रखंड के मिर्जागंज पंचायत अंतर्गत अहरडीह गांव में मंगलवार को वन विभाग की टीम ने कथित रूप से संचालित एक अवैध आरा मिल पर छापेमारी की. जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. छापेमारी अभियान का नेतृत्व फॉरेस्टर कुमार मंगलम और संत कुमार देव ने किया. वन विभाग की टीम ने आरा मिल परिसर की गहन जांच करते हुए वहां मौजूद लकड़ियों, मशीनों, आवश्यक लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया. अधिकारियों ने यह भी जांच की कि आरा मिल का संचालन वन विभाग के निर्धारित नियमों और वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप किया जा रहा था या नहीं. प्रारंभिक जांच के दौरान वन अधिनियम के संभावित उल्लंघन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की पड़ताल की गई. विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजों और तथ्यों का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा.

बिना अनुमति लकड़ी कटाई पर विभाग की नजर

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जांच में अनियमितता या अवैध संचालन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जिला में अवैध आरा मिलों का संचालन, बिना अनुमति लकड़ी की कटाई, परिवहन एवं कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. इसी अभियान के तहत समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है. जिससे वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.

वन विभाग ने की आम जन से अपील

विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर उनके क्षेत्र में कहीं भी अवैध लकड़ी कटाई, आरा मिल का अवैध संचालन या वन संपदा से जुड़ी किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें. जिससे समय रहते कार्रवाई कर प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध रूप से संचालित आरा मिलों और लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है. अब विभाग की विस्तृत जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई है.

 

ALSO READ : रांची: 14वीं JPSC परीक्षा परिणाम को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, आयोग कार्यालय का किया घेराव

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *