मां के प्रेम प्रसंग से नाराज बेटे ने रची गुड्डू मुंडा की हत्या की साजिश, तीन आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

Chatra: चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण और हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. पुलिस...

Chatra: चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण और हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

अपहरण के बाद जंगल में दफनाया गया था शव

मामले का खुलासा करते हुए सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहब ने बताया कि अपहरण के बाद युवक की हत्या कर शव को जंगल में दफना दिया गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है. उन्होंने बताया कि विगत 15 मई 2026 को लावालौंग थाना क्षेत्र के डुनगुन गांव निवासी संतोष मुंडा ने अपने पुत्र गुड्डू मुंडा के अपहरण को लेकर लावालौंग थाना में लिखित आवेदन दिया था. आवेदन के आधार पर लावालौंग थाना में कांड दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी.

उन्होंने बताया कि एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था. एसडीपीओ ने बताया कि टीम ने तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया था.

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

पूछताछ के दौरान संदिग्ध महेश गंझू ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए पुलिस को बताया कि गुड्डू मुंडा का प्रेम प्रसंग गांव के ही राकेश मुंडा की मां रीता देवी के साथ चल रहा था. इसी बात से नाराज होकर राकेश मुंडा ने अपने साथियों के साथ मिलकर गुड्डू मुंडा की हत्या की साजिश रची थी.

इसी योजना के तहत आरोपियों ने 30 मार्च 2026 को गुड्डू मुंडा को मंधनिया घाटी के पास चलती बस से उतार लिया और मारपीट करते हुए जंगल में ले जाकर उसकी हत्या कर दी. बाद में साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को जमीन में दफना दिया गया.

ALSO READ: सड़क दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाने पर नहीं होगी पुलिस कार्रवाई : विनोद पाठक

तीन आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड अब भी फरार

सिमरिया एसडीपीओ ने बताया कि महेश गंझू की निशानदेही पर पुलिस ने मंधनिया-हाहे जंगल से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. उन्होंने बताया कि मामले में महेश गंझू, नितेश कुमार गंझू और कमलेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना का मास्टरमाइंड राकेश मुंडा फरार है.

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. एसडीपीओ ने बताया कि फरार मास्टरमाइंड और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा. अभियान में लावालौंग के प्रभारी थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक विधायक प्रसाद, एसआई वाजिद अली, तकनीकी शाखा की टीम व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *