बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट: हजारीबाग में शांति समिति की बैठक, संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी, फ्लैग मार्च और 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय रखने के निर्देश

Hazaribagh: ईद-उल-अजहा (बकरीद) त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर नगर भवन, हजारीबाग में उपायुक्त हेमन्त सती...

Hazaribagh: ईद-उल-अजहा (बकरीद) त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर नगर भवन, हजारीबाग में उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, एसडीएम, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, दंडाधिकारी तथा शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे. मौके पर उपायुक्त ने जिलेवासियों से भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है. जिले के सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा सभी प्रखंड एवं थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही दोनों अनुमंडल पदाधिकारियों को संदिग्ध एवं अराजक तत्वों के विरुद्ध धारा 126 के तहत नोटिस जारी करने को कहा गया.

यह भी पढ़ें: हथियारबंद लोगों ने दुकान में की लूटपाट, रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी

अस्पतालों और फायर ब्रिगेड को अलर्ट रहने का निर्देश

उपायुक्त ने पर्व के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों एवं अग्निशमन वाहनों को 24×7 सक्रिय रखने का निर्देश दिया. भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया. बकरीद के दौरान होने वाली कुर्बानी को लेकर पशुओं के अवशेषों के व्यवस्थित निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी प्रशासनिक अधिकारियों को दिया गया.

सभी थाना क्षेत्रों में होगा फ्लैग मार्च

बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाने तथा जिला नियंत्रण कक्ष को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए. आमजनों की सुविधा के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 06546-265233, 8002529349 तथा पुलिस सहायता के लिए 112 जारी किया गया. उपायुक्त ने विशेष रूप से विष्णुगढ़, ईचाक, बरही, बड़कागांव एवं टाटीझरिया क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा. वहीं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को समन्वय के साथ अलर्ट मोड में कार्य करने का निर्देश देते हुए सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कराने की बात कही.

यह भी पढ़ें: घर से उठाकर युवक को प्रभात तारा मैदान ले गए हमलावर, लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा, पुलिस को देख भागे

सोशल मीडिया पर रहेगी नजर

उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक पोस्ट से बचने की अपील करते हुए कहा कि लोग जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें. बैठक के अंत में शांति समिति के सदस्यों से सुझाव लिए गए तथा जिलेवासियों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ ईद-उल-अजहा (बकरीद) मनाने की अपील की गई.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *