Jamtada:थाना क्षेत्र के धनबाद गांव निवासी प्रफुल्ल मंडल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर हथियारबंद लोगों पर दुकान में घुसकर लूटपाट, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पीड़ित ने मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में कहा गया है कि 21 मई 2026 को दिन करीब 2:15 बजे वह अपनी दुकान पर मौजूद थे. इसी दौरान गांव के ही कई लोग करीब 100 से 150 लोगों के साथ हथियार लेकर वहां पहुंचे और उनकी दुकान पर हमला कर दिया. पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने दुकान से लगभग दो लाख रुपये मूल्य का सामान लूट लिया. विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा गला दबाकर जान मारने का प्रयास किया गया. इस दौरान उनके गले से करीब एक लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन भी छीन ली गई.



मकान में घुसकर दीवार तोड़ दी
पीड़ित ने आवेदन में आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उनके निर्माणाधीन मकान में घुसकर दीवार तोड़ दी, जिससे करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ. आवेदन में यह भी कहा गया है कि आरोपी लगातार रंगदारी की मांग कर रहे थे और रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे थे. मामले को लेकर प्रफुल्ल मंडल ने मीडिया को बताया कि घटना के दौरान पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन आरोपित लोग नहीं माने. इसके बाद उन्होंने फोन के माध्यम से पुलिस अधीक्षक को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद तीन गाड़ी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची. उन्होंने आरोप लगाया कि थाना में आवेदन देने पर उसे स्वीकार नहीं किया गया. इसके बाद शनिवार को वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आवेदन सौंपा. प्रफुल्ल मंडल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने आवेदन स्वीकार करते हुए उन्हें एसडीपीओ से मिलने को कहा. वहीं मामले को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है.आवेदन प्राप्त हुआ है. पूरे मामले की जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने पीड़ित को उचित कार्रवाई का आश्वासन भी दिया है.
