घर से उठाकर युवक पर किया जानलेवा हमला, बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

Ranchi: राजधानी के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित प्रभात तारा मैदान शनिवार सुबह खूनी संघर्ष का गवाह बन गया. आपसी रंजिश में कुछ...

Ranchi: राजधानी के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित प्रभात तारा मैदान शनिवार सुबह खूनी संघर्ष का गवाह बन गया. आपसी रंजिश में कुछ युवकों ने एक युवक को घर से जबरन उठाकर मैदान में ले जाकर लोहे की रॉड और भारी वस्तुओं से बेरहमी से हमला कर दिया. संयोग से उसी वक्त गश्ती पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिससे हमलावर फरार नहीं हो सके और मामले का खुलासा हुआ. पीड़ित कार्तिकेय प्रताप ने धुर्वा थाना में इस संबंध में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है.

घर में घुसकर जबरन उठा ले गए आरोपी

धुर्वा के टंकी साइड निवासी कार्तिकेय प्रताप ने धुर्वा थाना में दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि 23 मई की सुबह सात बजे वह ऑफिस जाने की तैयारी कर रहा था. तभी अभिषेक चौहान, शुभम यादव और दो अन्य युवक जबरन घर में घुस आए. आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया, घर की चाबियां छीन लीं और घसीटते हुए प्रभात तारा मैदान ले गए.

लोहे की रॉड से किया गया हमला

पीड़ित ने बताया कि मैदान में ले जाने के बाद लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से उस पर हमला किया गया, जिससे उसकी पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं.

मास्टरमाइंड पर भी आरोप

प्राथमिकी में अभिषेक चौहान, शुभम यादव और विराट सिंह को नामजद किया गया है. वहीं, पीड़ित ने अभिषेक के पिता सुमन सिंह पर पूरे हमले का मास्टरमाइंड होने का आरोप लगाया है.

बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी हमला

इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे दो पुलिस पदाधिकारियों पर भी युवकों ने हमला कर दिया और उनकी वर्दी फाड़ दी. मामले में पुलिसकर्मी की ओर से भी नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

प्राथमिकी में धुर्वा थाना के टाइगर मोबाइल-17 में तैनात सब-इंस्पेक्टर सुनील कुजूर ने बताया कि वे और आरक्षी शिव प्रकाश शनिवार सुबह रोजाना की तरह गश्ती पर निकले थे. सुबह करीब 7:15 बजे स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि प्रभात तारा मैदान के पास कुछ युवक आपस में मारपीट कर रहे हैं.

जब पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि तीन युवक मिलकर एक लड़के को दौड़ा-दौड़ाकर पीट रहे थे. जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया, लेकिन आरोपी पुलिस टीम से ही उलझ गए.

आरोपियों ने दोनों पुलिसकर्मियों को सरकारी कार्य करने से रोका, उनके साथ गाली-गलौज की और “वर्दी उतरवा देने” तथा जान से मारने की धमकी भी दी.

दो गिरफ्तार, एक फरार

हंगामे की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचे सशस्त्र बल (PCR-04) और अन्य टाइगर मोबाइल जवानों की मदद से दो आरोपियों को दबोच लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धुर्वा थाना क्षेत्र के YMCA स्कूल के पास रहने वाले अभिषेक चौहान (20 वर्ष) और हटिया थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी निवासी शुभम कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है.

वहीं, अभिषेक का एक साथी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *