Gumla: चैनपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं. पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल की चैनपुर एवं आसपास के ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत चल रहे पाइपलाइन कार्य को हथियारबंद लोगों ने जबरन बंद करा दिया. घटना 29 जुलाई देर रात की बताई जा रही है.
हथियार दिखाकर मजदूरों को दी धमकी
जानकारी के अनुसार, चैनपुर बस स्टैंड के पास बाजार मार्ग में नल-जल योजना के तहत पाइप बिछाने का काम चल रहा था. इसी दौरान 5 से 6 अज्ञात लोग वहां पहुंचे, उनके हाथों में कुल्हाड़ी, टांगी और लाठी जैसे हथियार थे. उन्होंने मजदूरों और JCB ऑपरेटर को काम रोकने की धमकी दी.
इंजीनियर ने थाने में दी शिकायत
मौके पर मौजूद इंजीनियर के विरोध करने पर आरोपियों ने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. डर के कारण काम बंद कर मशीन और मजदूरों को वापस भेजना पड़ा, इसके बाद कार्य एजेंसी के जूनियर इंजीनियर अमन कुमार ने चैनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

सड़क पर दुर्घटना का खतरा
मुख्य मार्ग होने के कारण दिन में ट्रैफिक की वजह से पाइपलाइन का काम रात में कराया जा रहा था. काम रुकने से सड़क पर मिट्टी और पाइप बिखरे पड़े हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है. इंजीनियर ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है.
