Pakur: जिले में पिछले कई दिनों से जारी लचर विद्युत आपूर्ति और भीषण गर्मी से त्रस्त जनता के समर्थन में अब राजद खुलकर सामने आ गया है. शनिवार को राजद के जिलाध्यक्ष महावीर मड़ैया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पाकुड़ विद्युत कार्यपालक अभियंता शैलेंद्र बेसरा से मुलाकात की. इस दौरान जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो राजद जनहित में आंदोलन शुरू करेगी.

जिलाध्यक्ष ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने आम लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं. लगातार बिजली कटौती और अनियमित आपूर्ति के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है. उन्होंने कहा कि विभाग को व्यवस्था सुधारने के लिए समय दिया गया है और अगर हालात नहीं बदले, तो पार्टी सड़क पर उतरने को मजबूर होगी.
तिलभिटा फीडर में लो-वोल्टेज पर जताई नाराजगी
प्रतिनिधिमंडल ने कार्यपालक अभियंता का ध्यान विशेष रूप से तिलभिटा फीडर की ओर आकृष्ट कराया. जिलाध्यक्ष ने बताया कि पिछले दो दिनों से तिलभिटा फीडर क्षेत्र में लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे पंखे और अन्य विद्युत उपकरण सुचारू रूप से काम नहीं कर पा रहे हैं.
भीषण गर्मी में लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है. इस पर अभियंता ने मामले का संज्ञान लेते हुए तकनीकी कमियों को जल्द दूर करने का आश्वासन दिया.
कल तक सुधर जाएगी व्यवस्था: ईई
विद्युत कार्यपालक अभियंता शैलेंद्र बेसरा ने कहा कि विभाग पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ कार्य कर रहा है तथा रविवार तक बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कर लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि ‘प्रधानमंत्री मुफ्त बिजली योजना’ के तहत लोग सौर ऊर्जा अपनाकर राहत पा सकते हैं, जिसमें 30 हजार से 78 हजार रुपये तक सब्सिडी देने का प्रावधान है.
इस मौके पर मुख्य रूप से राजद के जिला सचिव हजरत शेख, युवा नेता समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने विभाग से जल्द नियमित बिजली आपूर्ति और सही वोल्टेज सुनिश्चित करने की मांग की.
