Kodarma:ज़िले के वसुंधरा गार्डन स्थित सभागार में आयोजित कैरियर काउंसिलिंग एवं परामर्श कार्यशाला में बच्चों एवं युवाओं को करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कौशल विकास एवं व्यक्तित्व निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया.

बच्चों को मार्गदर्शन मिला
नीति आयोग के डेवलपमेंट पार्टनर सह जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन के सहयोगी संगठन एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (ए.वी.ए) द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कोडरमा के सचिव श्री गौतम कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री अविनाश राम एवं सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग निशांत कुमार सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों एवं पदाधिकारियों ने बच्चों का मार्गदर्शन किया. कार्यक्रम के दौरान बच्चों को करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, समय प्रबंधन,आत्मअनुशासन एवं नियमित अध्ययन के महत्व से अवगत कराया गया. साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म, पुस्तकालय एवं मॉडल टेस्ट के प्रभावी उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया.
बाल विवाह उन्मूलन को लेकर सामूहिक शपथ दिलाई गई
इस अवसर पर डॉक्टर, शिक्षक, पुलिस, पत्रकारिता एवं अन्य क्षेत्रों से जुड़े सफल व्यक्तियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. बच्चों को विभिन्न करियर विकल्पों, कौशल आधारित शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध कानून से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की गईं. कार्यशाला के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को बाल विवाह उन्मूलन को लेकर सामूहिक शपथ दिलाई गई.
AlsoRead:घर से उठाकर युवक को प्रभात तारा मैदान ले गए हमलावर, लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा, पुलिस को देख भागे
