45 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, झारखंड में मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट

Ranchi: झारखंड में मई महीने की भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. राज्य के कई जिलों में तापमान 45...

Ranchi: झारखंड में मई महीने की भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. राज्य के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जबकि कई इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है. भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने कई जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

सीएम हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को किया अलर्ट

भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा है कि सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के लिए साफ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. साथ ही किसी भी गांव, टोले या मोहल्ले में पानी की किल्लत नहीं होनी चाहिए.

खराब चापाकलों की जल्द होगी मरम्मत

मुख्यमंत्री ने बंद पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में वैकल्पिक जल व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया है, ताकि लोगों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े.

कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 मई को रांची, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो में दोपहर बाद तेज हवा चलने और गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है. इन इलाकों में वज्रपात और गरज के साथ बारिश की भी संभावना जताई गई है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

Read Also: EXCLUSIVE- IAS सैयद रियाज अहमद के खिलाफ दर्ज यौन शोषण का FIR रद्द

29 मई तक बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक 26 मई को राज्य के उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और मध्य हिस्सों में भी तेज हवा, गरज और वज्रपात की स्थिति बन सकती है. पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां समेत कई जिलों में यह मौसम 29 मई तक बना रह सकता है.

मेदिनीनगर रहा सबसे गर्म

शनिवार को राज्य का सबसे गर्म जिला मेदिनीनगर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

अंडमान पहुंचा मॉनसून, जल्द झारखंड में दस्तक

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अंडमान-निकोबार पहुंच चुका है और 26 मई तक इसके केरल पहुंचने की संभावना है. वहीं झारखंड में मॉनसून 7 से 10 जून के बीच संताल परगना के रास्ते प्रवेश कर सकता है.

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *