Chakradharpur : थाना परिसर में शुक्रवार को मलेरिया जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें रांची से पहुंची डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम ने पुलिसकर्मियों एवं पदाधिकारियों को मलेरिया से बचाव, रोकथाम और समय पर उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. कार्यक्रम का उद्देश्य बरसात के मौसम में तेजी से फैलने वाली मच्छरजनित बीमारियों के प्रति पुलिस जवानों को जागरूक करना था, ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ आम लोगों को भी जागरूक कर सकें.

मानसून में बढ़ा मलेरिया-डेंगू का खतरा, डॉक्टरों ने बरतने को कहा विशेष सावधानी
कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि मानसून के मौसम में जगह-जगह पानी जमा होने से मच्छरों का प्रजनन तेजी से बढ़ता है, जिसके कारण मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर बीमारी का कारण बन सकती है, इसलिए हर व्यक्ति को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की आवश्यकता है. डॉक्टरों की टीम ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि घरों, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा नहीं होने देना चाहिए. इसके अलावा नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करना, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनना और साफ वातावरण बनाए रखना बेहद जरूरी है. उन्होंने यह भी कहा कि बुखार, सिरदर्द, शरीर दर्द और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए, ताकि समय रहते उपचार शुरू किया जा सके.
मलेरिया के लक्षण, संक्रमण फैलने के कारण और बचाव के उपाय
कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. मीना कालुडिया एवं डॉ. अनुमान शर्मा ने मलेरिया के लक्षण, संक्रमण फैलने के कारण और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही मलेरिया जैसी बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि लोग समय पर सतर्क हो जाएं और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करें, तो इस बीमारी को काफी हद तक रोका जा सकता है. डॉक्टरों ने पुलिस जवानों से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मच्छरों से बचाव के प्रति जागरूक करें. उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनजागरूकता से ही मलेरिया मुक्त समाज का निर्माण संभव है. इस अवसर पर थाना प्रभारी अवधेश कुमार, अजारुल हक सहित थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में पुलिसकर्मियों ने स्वास्थ्य टीम द्वारा दिए गए सुझावों को अपनाने और आम जनता तक जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया.
Also Read : 45 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, झारखंड में मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट
