Report: Yogesh Kumar

Jamtara: जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड अंतर्गत डुमरिया गांव में पेयजल समस्या को लेकर सोशल मीडिया पर प्राप्त शिकायत पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने त्वरित संज्ञान लिया. उपायुक्त के निर्देश पर पीएचईडी विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया. जांच के दौरान गांव में तीन चापाकल और एक जलमीनार सुचारू रूप से कार्यरत पाए गए.
पेयजल समस्या के त्वरित समाधान का निर्देश
पीएचईडी के कनीय अभियंता ने बताया कि शिकायतकर्ता युवक के घर से चालू चापाकल की दूरी लगभग 400 मीटर है. वहीं गांव के कुछ हिस्से ड्राई जोन में होने के कारण दो चापाकलों में एसआर की समस्या उत्पन्न हुई है. निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने ड्राई जोन से अलग नीचे टोला क्षेत्र में जल्द नया चापाकल स्थापित करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को दिया.
उपायुक्त आलोक कुमार ने जिले में बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को पेयजल समस्या के त्वरित समाधान का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि आम जनता को पेयजल उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने, सूचना प्रदर्शित करने तथा जल संकट वाले क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति एवं चापाकलों की मरम्मत कराने का निर्देश भी दिया गया है.
यह भी पढ़ें: एटीएम में कार्ड फंसाकर 60 हजार की ठगी, मददगार बनकर साइबर फ्रॉड ने मिनटों में उड़ाए पैसे
