Ranchi: राजधानी रांची में ठगों ने एटीएम में कार्ड फंसाकर रुपये उड़ाने का नया तरीका अपनाया है. हटिया रेलवे स्टेशन के पास गार्ड रहित एटीएम में मदद के बहाने एक व्यक्ति को झांसे में लेकर उसके खाते से 60 हजार रुपये निकाल लिए गए. इस संबंध में जगन्नाथपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

पीड़ित के खाते से 6 बार कर के निकाले गए 60 हजार
जानकारी के अनुसार, धुर्वा निवासी अनिल कुमार सिन्हा 19 मई को दोपहर करीब 12 बजे हटिया स्टेशन रोड स्थित एसबीआई एटीएम में रुपये निकालने पहुंचे थे. उन्होंने अपने एक्सिस बैंक कार्ड से पांच हजार रुपये निकाले, लेकिन इसके बाद उनका कार्ड मशीन में फंस गया. इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात युवक ने खुद को मददगार बताते हुए एक मोबाइल नंबर दिया और कहा कि यह एटीएम इंजीनियर का नंबर है. पीड़ित ने जब उस नंबर पर कॉल किया तो फोन उठाने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताया और रजिस्टर में एंट्री कराने के बहाने उन्हें पास के दूसरे एटीएम की ओर भेज दिया. जब अनिल कुमार सिन्हा वापस लौटे तो उनका कार्ड गायब था. इसके तुरंत बाद उनके खाते से 10-10 हजार रुपये कर छह बार में कुल 60 हजार रुपये निकाल लिए गए.
ठगी का एहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत बैंक के टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर कार्ड ब्लॉक कराया और खाता फ्रीज करवाया. पीड़ित का कहना है कि उन्होंने किसी के साथ अपना ओटीपी या कार्ड डिटेल साझा नहीं किया था. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.
यह भी पढ़ें: राजभवन से सीएम आवास तक सुरक्षा होगी और मजबूत, सुरक्षा सिस्टम को किया जा रहा अपडेट
