Palamu : जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां ऑनर किलिंग (सम्मान के नाम पर हत्या) के एक मामले में एक पिता ने अपनी ही सगी बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी. मामला लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोहरा गांव का है, जहां बेटी के प्रेम संबंध से नाराज पिता ने सोते समय उस पर टांगी से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया. इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया है.

मोबाइल में फोटो देखने के बाद से नाराज था पिता
जानकारी के अनुसार, लोहरा गांव के रहने वाले आरोपी अगस्त कुमार पिछले कुछ समय से अपनी बेटी अंजलि के प्रेम संबंध को लेकर काफी गुस्से में थे. बताया जा रहा है कि पिता ने अंजलि को मोबाइल फोन पर किसी से बात करते हुए देख लिया था. इसके साथ ही उन्होंने उसके मोबाइल में कुछ तस्वीरें भी देखी थीं, जिसके बाद से घर में तनाव का माहौल था. ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी पिता इस बात से बेहद आक्रोशित था और इसे अपने परिवार की बदनामी मान रहा था.
आधी रात को वारदात, मां और भाई के सामने ही उतारा मौत के घाट
घटना रविवार देर रात की है. अंजलि अपने कमरे में सोई हुई थी, तभी अगस्त कुमार हाथ में टांगी लेकर उसके कमरे में दाखिल हुआ. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने सो रही अंजलि पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया. वार इतना जोरदार था कि अंजलि की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई. जिस वक्त इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया, उस समय अंजलि की मां और उसका भाई भी घर में ही मौजूद थे. अचानक हुई इस घटना से परिवार के बाकी सदस्य सहम गए और जब तक वे कुछ कर पाते, आरोपी वारदात को अंजाम देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला.
गांव में पसरा सन्नाटा, पुलिस जांच में जुटी
सोमवार सुबह जैसे ही इस घटना की खबर लोहरा गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण अंजलि के घर के बाहर इकट्ठा हो गए. गांव में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश और सन्नाटा पसरा हुआ है. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना लेस्लीगंज थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. पुलिस ने घर के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई है.
ALSO READ: ब्यूरोक्रेटेस से लेकर प्रशाखा पदाधिकारी तक, जानिए किस विभाग में है कितनी प्रशासनिक ताकत
