Bokaro: सोमवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने कल्याण विभाग के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक की. बैठक में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए. उपायुक्त ने प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना तथा मुख्यमंत्री साइकिल वितरण योजना की स्थिति की जानकारी ली. इस दौरान गोमिया एवं नावाडीह प्रखंड से सूची उपलब्ध नहीं होने की जानकारी मिलने पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अविलंब संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों से संपर्क कर सूची प्राप्त करते हुए अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

यह भी पढ़ें: पाकुड़ पहुंचने पर पूर्व मंत्री आलमगीर आलम का जोरदार स्वागत, विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का किया ऐलान
विभिन्न योजनाओं की समीक्षा
बैठक में उपायुक्त ने मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मांझी हाउस-मांझी थान, सरना, जाहेर थान तथा कब्रिस्तान की पक्की घेराबंदी एवं मरम्मती योजनाओं की प्रगति कार्य की भी समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने आश्रम विद्यालय तुलबुल के मरम्मती एवं सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर ग्राम सभा आयोजित कर प्रस्ताव जिला प्रशासन को समर्पित करने का निर्देश जिला कल्याण पदाधिकारी दिया. उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में स्थानीय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्य बेहतर तरीके से संपन्न हो सके.
यह भी पढ़ें: हीट वेव से बचाव एवं Heat Action Plan की तैयारी को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक संपन्न
