Hazaribagh: भीषण गर्मी, बिजली-पानी की किल्लत और नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार को लेकर जनता दल यूनाइटेड ने हजारीबाग नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. जदयू के वरिष्ठ नेता अर्जुन कुमार मेहता के नेतृत्व में पार्टी के प्रदेश और जिला स्तरीय प्रतिनिधियों का एक शिष्टमंडल ने नगर आयुक्त से मुलाकात कर शहर की बदहाल व्यवस्थाओं पर तीखा विरोध जताया. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि एक ओर शहर की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, वहीं दूसरी ओर नगर निगम कार्यालय में भ्रष्टाचार और बिचौलियों का दबदबा लगातार बढ़ता जा रहा है. नेताओं का आरोप है कि निगम में वर्षों से जमे कुछ अधिकारी मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं, जिससे विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं और आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है.

यह भी पढ़ें: शिक्षा व्यवस्था पर CM का फोकस, ड्रॉप आउट घटाने से लेकर 5 हजार एक्सीलेंस स्कूल तक दिए निर्देश
चुने हुए जनप्रतिनिधियों के साथ बनाएं बेहतर तालमेल
जदयू नेताओं ने कहा कि हालिया नगर निगम चुनाव में जनता ने मेयर, उपमेयर और वार्ड पार्षदों को विकास के लिए चुना है. जनप्रतिनिधि ईमानदारी से काम करना चाहते हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर समन्वय की कमी के कारण विकास कार्यों की रफ्तार थम गई है. उन्होंने नगर आयुक्त से मांग की कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर योजनाओं को जमीन पर उतारा जाए. शिष्टमंडल ने निगम कार्यालय में बिचौलियों की सक्रियता पर भी सवाल उठाए. नेताओं ने कहा कि जब तक बिचौलियों का हस्तक्षेप खत्म नहीं होगा, तब तक पारदर्शी और जवाबदेह विकास की कल्पना अधूरी रहेगी. उन्होंने निगम प्रशासन से व्यवस्था में सुधार और भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की मांग की. नगर आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों को गति दी जाएगी और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: छेड़छाड़ व मारपीट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा
