दो दिन बाद बुझी प्यास: नौतपा की भीषण गर्मी में पूरी रात जूझती रही निगम टीम, देर रात बहाल हुई जलापूर्ति, छड़वा डैम की तकनीकी खराबी से दो दिनों तक ठप रही सप्लाई

Hazaribag: नौतपा की झुलसा देने वाली गर्मी के बीच पिछले दो दिनों से पेयजल संकट झेल रहे हजारीबाग शहरवासियों को मंगलवार देर...

Hazaribag: नौतपा की झुलसा देने वाली गर्मी के बीच पिछले दो दिनों से पेयजल संकट झेल रहे हजारीबाग शहरवासियों को मंगलवार देर रात बड़ी राहत मिली. छड़वा डैम और बिहारी बालिका विद्यालय जलमीनार क्षेत्र में आई तकनीकी खराबी के कारण बाधित जलापूर्ति को बहाल करने के लिए नगर निगम की टीम पूरी रात मैदान में डटी रही. घंटों की मशक्कत और वैकल्पिक व्यवस्था के बाद आखिरकार जलमीनार तक पानी पहुंचाया गया, जिसके बाद प्रभावित इलाकों में दोबारा सप्लाई शुरू हो सकी.

भीषण गर्मी में पानी संकट से बेहाल रहे लोग

जानकारी के अनुसार तकनीकी खराबी के कारण शहर के कई इलाकों में पिछले दो दिनों से पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी. नौतपा की प्रचंड गर्मी में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. घरों में पेयजल संकट गहराने लगा और लोग वैकल्पिक इंतजामों के सहारे दिन काटने को मजबूर हो गए.

सुबह से देर रात तक जुटी रही तकनीकी टीम

मंगलवार सुबह करीब सात बजे से ही नगर निगम की टीम खराबी दूर करने में जुट गई थी. जूनियर इंजीनियर अरुण कुमार के नेतृत्व में एजेंसी प्रतिनिधि मो. सलमान, संतोष और नवाज लगातार सिस्टम को दुरुस्त करने का प्रयास करते रहे. दिनभर की मेहनत के बावजूद देर शाम तक समस्या का समाधान नहीं निकल पाया.

रात में खुद मोर्चे पर उतरे महापौर

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रात करीब आठ बजे हजारीबाग नगर निगम के महापौर अरविन्द कुमार राणा स्वयं छड़वा डैम पहुंचे और राहत कार्य की कमान संभाली. उनके साथ ग्राहक पंचायत के भोला राणा, मो. सुलेमान, प्रकाश कुमार, नवाज खान और गणेश यादव सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे. महापौर ने मौके पर तकनीकी टीम से लगातार जानकारी ली और हर हाल में जल्द जलापूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया.

Read Also: गायत्री शक्तिपीठ डकरा में नई प्रबंधन समितियों का गठन, जयशंकर सिंह बने मुख्य ट्रस्टी, रणजीत सिंह बने संगठन प्रभारी

वैकल्पिक मोटर और रूट से पहुंचाया गया पानी

मंगलवार रात दस बजे के बाद राहत कार्य और तेज कर दिया गया. टीम ने डैम क्षेत्र में करीब दो घंटे तक वैकल्पिक जलापूर्ति के लिए जरूरी वॉल्व की तलाश की. काफी मशक्कत के बाद अस्थायी मोटर और वैकल्पिक रूट की मदद से पानी को जलमीनार तक पहुंचाने में सफलता मिली. इसके बाद प्रभावित इलाकों में धीरे-धीरे पानी की आपूर्ति बहाल होने लगी. देर रात नलों में पानी पहुंचते ही लोगों ने राहत की सांस ली.

स्थायी समाधान के लिए विशेषज्ञों की टीम करेगी जांच

नगर निगम की ओर से बताया गया कि तकनीकी खराबी को पूरी तरह दूर करने के लिए बुधवार को विशेषज्ञों की टीम काम करेगी, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न हो. महापौर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि पानी लोगों की बुनियादी जरूरत है और हर घर तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि निगम की टीम जनता की परेशानी कम करने के लिए दिन-रात काम कर रही है.

राहत कार्य में जुटी टीम की सराहना

महापौर ने राहत कार्य में लगे निगम कर्मियों, तकनीकी सहयोगियों और पूरी रात मेहनत करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी टीम ने जनसेवा को सर्वोपरि रखा. वहीं, शहरवासियों ने भी पूरी रात राहत कार्य में जुटी टीम की सराहना की है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *