Gumla:घाघरा प्रखंड क्षेत्र में घरेलू विवाद से परेशान होकर एक 20 वर्षीय युवक ने कीटनाशक दवा खाकर आत्महत्या का प्रयास किया. युवक की पहचान सोहराय असुर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कोनारपाठ गांव का रहने वाला है. वर्तमान में वह घाघरा में अपनी पत्नी एवं मां के साथ रहकर मजदूरी का कार्य करता है. मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 9 बजे घरेलू विवाद के कारण सोहराय असुर ने खेतों में उपयोग होने वाली कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया.

घटना के समय उसकी मां मजदूरी करने गई हुई थी. इसी दौरान किसी के माध्यम से मां को सूचना मिली कि उसके पुत्र ने जहर खा लिया है. सूचना मिलते ही वह तुरंत घर पहुंची और गंभीर हालत में बेटे को लेकर घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची. अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा युवक का इलाज किया जा रहा है. फिलहाल उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है.
