Kodarma: जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपराडीह रेलवे स्टेशन के रैक पॉइंट से निकलने वाले एक ट्रक ने बुधवार को एक महिला के पैरों को कुचल दिया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई है. घायल महिला की पहचान मदनगुंडी निवासी 50 वर्षीय देवकी देवी पति अर्जुन पंडित के रूप में की गई है. मिली जानकारी के अनुसार देवकी देवी बुधवार अपने घर के बाहर साफ – सफाई कर रही थी. इसी दौरान रैक पॉइंट पर लोडिंग के लिए जा रही एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. जिससे ट्रक का चक्का उनके दाहिने पैर पर चढ़ गया. जिसके कारण देवकी देवी का पैर पूरी तरह से जख्मी हो गया और उनकी स्थिति गंभीर हो गई.

अधिकांश ट्रक का फिटनेस फेल
घटना के पश्चात स्थानीय लोगों द्वारा आनन-फानन में देवकी देवी को सदर अस्पताल कोडरमा लाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया. इधर आक्रोशित ग्रामीणों ने रैक पॉइंट की ओर जाने वाले मार्ग को बाधित कर दिया और धरने पर बैठ गए. स्थानीय लोगों का आरोप है कि रैक पॉइंट से निकलने वाली गाड़ियां बेकाबू होकर चलती हैं, जिसके कारण आए दिन स्थानीय लोगों की जान पर खतरा बना रहता है. वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि रैक पॉइंट से माल लोड कर निकलने वाले अधिकांश ट्रक का फिटनेस फेल रहता है, साथ ही ट्रक बगैर इंश्योरेंस और पॉल्यूशन के ही संचालित होते हैं. जिससे दुर्घटना में शिकार होने वाले लोगों को दुर्घटना के पश्चात वाहन के बीमा के माध्यम से मिलने वाली राशि नहीं मिल पाती है. इसके अतिरिक्त मदनगुंडी के पास प्रस्तावित सर्विस रोड का निर्माण नहीं हो पाने के कारण भी दुर्घटनाएं होती रहती हैं.
लिखित शिकायत मिलने के बावजूद कोई कारवाई नहीं
लोगों का कहना है कि इन सभी समस्याओं को लेकर जिला उपायुक्त को उनके द्वारा कई बार लिखित शिकायत भी की गई है. लेकिन जिला प्रशासन द्वारा कोई पहल नहीं किया जाता है. इधर वाहन संबंधित कागजात को लेकर डीटीओ से जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि उनके द्वारा रैक पॉइंट पर कई बार वाहनों की जांच की गई है. कागजात नहीं रहने पर ट्रक मालिकों से फाइन भी वसूला गया है. वे एक बार पुनः सभी वाहनों की जांच करेंगे. कमी मिलने पर जुर्माना वसूला जाएगा और जरूरत पड़ने पर वाहनों को जब्त भी किया जाएगा.
AlsoRead:कोडरमा उपायुक्त के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर मैसेज, प्रशासन ने लोगों को किया सतर्क
