NEWS DESK: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को लेकर इन दिनों अटकलें तेज हैं कि उनके बाद देश की कमान किसके हाथ में जाएगी. इस बीच ईरान की संस्था ‘असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स’ ने संकेत दिया है कि नए सुप्रीम लीडर के चयन की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है. बता दें कि यही संस्था ईरान के सुप्रीम लीडर को चुनने का काम करती है.

मोजतबा खामेनेई का नाम सबसे आगे
माना जा रहा है कि खामेनेई के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को यह जिम्मेदारी मिल सकती है. फिलहाल अलीरेज़ा अराफी को कार्यकारी सुप्रीम लीडर की भूमिका दी गई है. हालांकि अंतिम फैसला असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ही करेगी.
हमलों के बीच खामेनेई परिवार पर भी असर
रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में ईरान पर हुए अमेरिकी और इजरायली हमलों में खामेनेई के परिवार के कई सदस्यों की मौत की खबरें सामने आई थीं. हालांकि उनका बेटा मोजतबा खामेनेई अभी जिंदा और सुरक्षित बताया जा रहा है.
जल्द हो सकता है नए सुप्रीम लीडर का ऐलान
बुधवार को ईरानी सरकारी टीवी से बातचीत में असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स के सदस्य अयातुल्ला अहमद खातमी ने कहा कि नए सुप्रीम लीडर की पहचान जल्द ही सामने आ सकती है. उन्होंने कहा कि देश इस समय युद्ध जैसी स्थिति से गुजर रहा है, इसलिए फैसला जल्द लिया जा सकता है.

