Chaibasa: बंदगांव प्रखंड अंतर्गत ओटार पंचायत के लांडुपोदा गांव की 44 वर्षीय गुरुवारी सिजुई को सोमवार सुबह सांप ने काट लिया. जानकारी के अनुसार गुरुवारी सिजुई अपने घर से कचरा फेंकने के लिए बाहर जा रही थीं. इसी दौरान रास्ते में अचानक एक सांप ने उनके पैर में काट लिया.
उपचार किया जा रहा है
घटना के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने बिना देर किए उन्हें इलाज के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है. चिकित्सकों ने बताया कि समय पर अस्पताल लाए जाने के कारण महिला को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया है. फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य है और स्वास्थ्य में सुधार देखा जा रहा है. अस्पताल प्रशासन द्वारा महिला की लगातार निगरानी की जा रही है. घटना के बाद गांव में लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है. ग्रामीणों को झाड़ियों, खेतों और घर के आसपास साफ-सफाई रखने तथा सांप दिखने पर उससे दूर रहने की सलाह दी गई है.



