Hazaribagh : हजारीबाग जिले के चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कई गंभीर खामियां सामने आईं, जिसके बाद अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई.

गंदगी और अव्यवस्था देख अधिकारियों ने जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर, वार्ड और अन्य हिस्सों में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली. जगह-जगह फैली गंदगी और अव्यवस्था को देखकर अधिकारियों ने आउटसोर्सिंग एजेंसी की कार्यशैली पर सवाल उठाए और तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया.
खराब मिला जनरेटर, डॉक्टरों की भारी कमी से मरीज परेशान
अस्पताल की बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई मिली. जांच के दौरान जनरेटर खराब पाया गया, जबकि सोलर लाइट सिस्टम भी प्रभावी ढंग से काम नहीं कर रहा था. अधिकारियों ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान अस्पताल में डॉक्टरों की भारी कमी का मामला भी सामने आया. जहां अस्पताल में सात डॉक्टरों की आवश्यकता बताई गई, वहीं केवल दो एमबीबीएस चिकित्सक ही कार्यरत मिले. अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग को जल्द अतिरिक्त डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
दवा और जांच व्यवस्था पर भी उठे सवाल
अधिकारियों ने लैब जांच व्यवस्था और मेडिकल स्टोर की भी जांच की. इस दौरान कई खामियां सामने आईं. दवाइयों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे. टीम ने निर्देश दिया कि मरीजों को सभी जरूरी दवाइयां समय पर उपलब्ध कराई जाएं. निरीक्षण टीम ने अस्पताल में ऑक्सीजन सुविधा को और मजबूत करने तथा अल्ट्रासाउंड सेवा को बेहतर बनाने पर जोर दिया. साथ ही एंबुलेंस सेवा को हर समय दुरुस्त रखने, चालक की उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्टाफ की कमी नहीं होने देने के निर्देश दिए गए.
लेबर रूम और वैक्सीनेशन व्यवस्था पर जताया संतोष
हालांकि निरीक्षण के दौरान वैक्सीन की उपलब्धता संतोषजनक पाई गई. लेबर रूम की व्यवस्था भी अपेक्षाकृत बेहतर मिली, जिस पर अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया. स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी ,निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को सभी कमियों को जल्द दूर कर व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया.
