Adra: भारतीय रेल द्वारा मनाए जा रहे “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान–2026” के अंतर्गत बुधवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में विभिन्न स्टेशनों, रेलवे परिसरों एवं आवासीय कॉलोनियों में स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन किया गया.

स्वच्छ व हरित रेलवे का लक्ष्य
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना तथा रेल कर्मचारियों एवं आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है.
हाउसकीपिंग कर्मियों के लिए विशेष अभियान
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए हाउसकीपिंग कर्मचारियों के बीच विशेष स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान कर्मचारियों को अत्यधिक गर्मी एवं लू से बचाव हेतु आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए गए तथा ओआरएस (Oral Rehydration Solution) का वितरण किया गया. कर्मचारियों को नियमित रूप से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में कार्य करते समय सिर ढकने, हल्के सूती कपड़े पहनने एवं जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई.
वृक्षारोपण और श्रमदान
आद्रा स्टेशन, बांकुड़ा, पुरुलिया समेत मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर रेल अधिकारियों, कर्मचारियों व स्काउट-गाइड के सदस्यों ने श्रमदान कर प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और कॉलोनियों में सफाई की. साथ ही फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया. यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने और कचरा डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक किया गया.
मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण रेलवे की प्राथमिकता है. अभियान 5 जून तक लगातार चलेगा, जिसमें नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता और सेमिनार के जरिए लोगों को जोड़ा जाएगा.
यह भी पढ़ें: जनगणना कार्य को लेकर डीसी रामनिवास यादव सख्त, समयबद्ध और त्रुटिरहित कार्य करने का दिया निर्देश
