Hazaribagh: स्थानीय जिला कांग्रेस कार्यालय, कृष्ण बल्लभ आश्रम में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि पूरी श्रद्धा के साथ मनाई गई. इस दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व मंत्री सह जिला अध्यक्ष जय प्रकाश भाई पटेल ने पंडित नेहरू के ऐतिहासिक जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके अद्वितीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला. जेपी पटेल ने कहा कि भारत के ‘जवाहर’ देश की करोड़ों जनता के दिलों पर राज करने वाले हृदय सम्राट थे, जिन्होंने राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्योछावर कर दिया.
जेपी पटेल ने जवाहरलाल नेहरू के योगदान पर प्रकाश डाला
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जेपी पटेल ने कहा, कि एक बेहद संपन्न परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद जवाहरलाल नेहरू ने सुख-सुविधाओं की जिंदगी को ठुकराकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ स्वाधीनता संग्राम का कांटों भरा रास्ता चुना. आंदोलन के दौरान अपनी प्रिय पत्नी के असामयिक देहांत के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने मन को कठोर कर देश हित में सत्याग्रह में डटे रहे. अपने पिता के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद की बड़ी जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने ‘पूर्ण स्वराज्य’ का संकल्प लिया. आजादी के बाद जब देश विषम परिस्थितियों में था, तब उन्होंने अपनी दूरदर्शी सोच से भारत को दुनिया के शीर्ष मुल्कों की कतार में लाकर खड़ा किया और देश के चहुंमुखी विकास के लिए ताउम्र प्रयत्नशील रहे.

ये रहे उपस्थित
इस मौके पर मुख्य रूप से प्रदेश कोऑर्डिनेटर बिनोद कुशवाहा, सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मुन्ना सिंह, प्रदेश सचिव रेणु कुशवाहा, मनीषा टोप्पो, जिला कांग्रेस के मीडिया अध्यक्ष निसार खान, पूर्व प्रदेश सचिव शशि मोहन सिंह, बिनोद सिंह, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट साजिद अली खान, नगर अध्यक्ष परवेज अहमद और युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद जाविर उपस्थित थे. इसके साथ ही वरिष्ठ कांग्रेसी लाल बिहारी सिंह, अजीम खान, बाबर अंसारी, जय कुमार महतो, सदरूल होदा, अधिवक्ता मोहम्मद वारिस, नरसिंह प्रजापति, मजहरूल इस्लाम, मोहम्मद रब्बानी, विवेक कुमार, कमरूउद्दीन, शहबान रजा, अनिल कुमार भुईंया, मुस्ताक अंसारी, रंजीत यादव और विक्की धान सहित दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भी नेहरू के बताए रास्तों पर चलने का संकल्प लिया.
