बुंडू में 29 मई को विशेष टीबी स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन

Bundu: देश को क्षयरोग से मुक्त करने के उद्देश्य से जारी ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत रांची जिले के बुंडू अनुमंडल...

Bundu: देश को क्षयरोग से मुक्त करने के उद्देश्य से जारी ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत रांची जिले के बुंडू अनुमंडल में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और झारखंड सरकार के दिशा-निर्देशों के आलोक में, आगामी 29 मई 2026 को बुंडू में एक विशेष टीबी स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया जाएगा. अनुमंडलीय अस्पताल बुंडू के उपाधीक्षक द्वारा जारी आधिकारिक पत्र (पत्रांक 515) के अनुसार, यह शिविर जिला यक्ष्मा पदाधिकारी के आदेशानुसार चल रहे 100 दिवसीय विशेष अभियान का एक हिस्सा है.

राधा रानी मंदिर परिसर में जांच सेवाएं होंगी उपलब्ध

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस विशेष स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन 29 मई 2026 को सुबह 10:30 बजे से राधा रानी मन्दिर परिसर में किया जाएगा. शिविर का मुख्य उद्देश्य एनएसी (NAC) बुंडू क्षेत्र के निवासियों को टीबी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना और उनकी स्वास्थ्य जांच करना है.

शिविर की मुख्य विशेषताएं और स्वास्थ्य सेवाएं

लक्षित वर्ग: शिविर में मुख्य रूप से 14 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी.

निःशुल्क अत्याधुनिक जांच: शिविर में आने वाले संदिग्ध मरीजों के लिए चेस्ट एक्स-रे (Chest X-ray), सी-टीबी टेस्ट (Cy-TB Test) और बलगम की जांच (Sputum Test) जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.

डिजिटल ट्रैकिंग: चिकित्सा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि शिविर में आने वाले सभी लाभार्थियों का अनिवार्य रूप से निक्षय (NIKSHAY) पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरीजों के इलाज और फॉलो-अप की बेहतर मॉनिटरिंग की जा सके.

स्वास्थ्य कर्मियों को मुस्तैद रहने के निर्देश

सफल आयोजन के लिए अस्पताल प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग की जमीनी टीम को पूरी तरह से सक्रिय कर दिया है. कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) मोहन कुमार, एएनएम (ANM) जैकलीन एक्का, एसटीएस, एसटिएलएस सहित क्षेत्र की सभी आंगनवाड़ी सेविकाओं (AWW) और सहायिकाओं को निर्देशित किया गया है, कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों को इस शिविर में लाकर लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें.

इस कार्यक्रम की सूचना प्रतिलिपि जिला यक्ष्मा पदाधिकारी (रांची), राधा रानी मंदिर समिति के अध्यक्ष/सचिव, बुंडू के सभी वार्ड पार्षदों और सीडीपीओ (CDPO) बुंडू को भी आवश्यक सहयोग हेतु भेज दी गई है. स्वास्थ्य विभाग ने स्थानीय जनता से अपील की है कि वे इस स्वास्थ्य शिविर का बढ़-चढ़कर लाभ उठाएं.

यह भी पढ़ें: सिमडेगा: वज्रपात की चपेट में आने से ससुर की मौत, बहू घायल

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *