Chatra : जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां मामूली विवाद के कारण नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना प्रतापपुर थाना क्षेत्र स्थित विधायक मोहल्ला की है. मृतका की पहचान 20 वर्षीय नैयना प्रवीण के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, नैयना की शादी करीब एक महीने पहले ही विधायक मोहल्ला के रहने वाले गुलजार नामक युवक से हुई थी. दोनों की नई-नई गृहस्थी शुरू ही हुई थी. बुधवार की शाम एक मामूली सी बात पर दोनों के बीच अनबन हो गई. बताया जा रहा है कि बुधवार शाम पति पत्नी के बीच गोलगप्पा खाने को लेकर हल्की कहासुनी हुई थी. शुरुआती जांच और चर्चाओं के अनुसार, इस मामूली विवाद के बाद नैयना अपने पति से काफी नाराज हो गई थी.

पति की मिन्नतें रहीं बेकार, पत्नी ने लगाई फांसी
घटना की जानकारी मिलते पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लिया है. गुलजार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि गोलगप्पे को लेकर हुए विवाद के बाद नैयना बुरी तरह रूठ गई थी. गुलजार ने उसे मनाने और शांत करने की काफी कोशिश की, लेकिन नैयना का गुस्सा शांत नहीं हुआ. वह नाराज होकर अपने कमरे के अंदर चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई आवाज नहीं आई. तो घर के अन्य परिजनों को अनहोनी का शक हुआ. परिजनों ने जब काफी मशक्कत के बाद कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. कमरे के अंदर नैयना का शव सीलिंग फैन से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था.
घटना की खबर जैसे ही आग की तरह फैली, देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है.
ALSO READ : चक्रधरपुर : प्लेटफार्म संख्या 2/3 पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिला
