Hazaribagh:डिग्री कॉलेज चंदवारा, कोडरमा को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के अधीन बनाए रखने की मांग अब तेज हो गई है. इस मुद्दे को लेकर हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुद्धिव्य सोनू को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है. सांसद ने अपने पत्र में विद्यार्थियों, अभिभावकों और कॉलेज प्रशासन की सुविधा को प्रमुख आधार बताया है.

सर जेसी बोस विश्वविद्यालय गठन के बाद उठा मामला
सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि नवसृजित सर जेसी बोस यूनिवर्सिटी का मुख्यालय गिरिडीह में स्थापित किया गया है. इसके बाद गिरिडीह और कोडरमा जिले के कई उच्च शिक्षण संस्थानों को विनोबा भावे विश्वविधालय से हटाकर नए विश्वविद्यालय के अधीन शामिल किया गया है. हालांकि सांसद का कहना है कि डिग्री कॉलेज चंदवारा को वीबीयू के अधीन ही रखना ज्यादा व्यावहारिक और छात्रों के हित में होगा.
दूरी बना बड़ा मुद्दा, हजारीबाग ज्यादा नजदीक
सांसद मनीष जायसवाल ने पत्र में स्पष्ट किया है कि डिग्री कॉलेज चंदवारा से गिरिडीह स्थित सर जे.सी. बोस विश्वविद्यालय की दूरी लगभग 100 किलोमीटर है, जबकि हजारीबाग स्थित विनोबा भावे विश्वविद्यालय की दूरी करीब 50 किलोमीटर पड़ती है. उन्होंने कहा कि हजारीबाग तक फोरलेन सड़क उपलब्ध होने के कारण यात्रा आसान है और लगभग 50 मिनट में पहुंचा जा सकता है. वहीं गिरिडीह जाने में करीब दो घंटे या उससे अधिक समय लगता है. ऐसे में छात्रों, अभिभावकों और कॉलेज प्रशासन को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.
हजारीबाग से रहा है स्वाभाविक जुड़ाव
सांसद ने यह भी कहा कि हजारीबाग उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल का मुख्यालय है और कोडरमा जिले के लोगों का प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक रूप से लंबे समय से हजारीबाग से स्वाभाविक जुड़ाव रहा है. उन्होंने तर्क दिया कि वर्तमान व्यवस्था छात्रों के लिए अधिक सुविधाजनक और संतुलित है, इसलिए इसे यथावत रखा जाना चाहिए.
कॉलेज में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की भी मांग
पत्र में सांसद ने केवल क्षेत्राधिकार का मुद्दा ही नहीं उठाया, बल्कि कॉलेज के समग्र विकास की भी मांग की है. उन्होंने महाविद्यालय में आधारभूत संरचना मजबूत करने, शिक्षकों की नियुक्ति, प्रयोगशालाओं के आधुनिकीकरण और रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम शुरू करने की आवश्यकता बताई. उन्होंने बीएड, बीपीएड, बीबीए, बीसीए और लैब साइंस जैसे कौशल आधारित एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की स्वीकृति देने की मांग की, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके.
विद्यार्थियों के व्यापक हित में निर्णय लेने की अपील
सांसद मनीष जायसवाल ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग से आग्रह किया है कि विद्यार्थियों और क्षेत्रवासियों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए डिग्री कॉलेज चंदवारा, कोडरमा के शैक्षणिक संचालन, परीक्षा, पाठ्यक्रम निर्धारण और डिग्री प्रदान करने संबंधी क्षेत्राधिकार को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के अधीन ही बनाए रखा जाए. उन्होंने कहा कि यह निर्णय हजारों विद्यार्थियों के भविष्य और उनकी शैक्षणिक सुविधा से जुड़ा हुआ है.
AlsoRead:मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से JAC अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने की शिष्टाचार मुलाकात
