Bermo: बेरमो अनुमंडल कें बोकारो थर्मल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार को त्याग और समर्पण का त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) पारंपरिक अकीदत, हर्षोल्लास एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया. इस पावन अवसर पर सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोगों में खासा उत्साह देखा गया, जहां नए-नए वस्त्र पहनकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने मस्जिदों का रुख किया. त्योहार को लेकर मुख्य नमाज स्थानीय नूरी नगर, जनता नगर स्थित मदीना मस्जिद और राजा बाजार स्थित तीनों प्रमुख मस्जिदों में अदा की गई.

लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर दी ईद की मुबारकबाद
नमाज के दौरान मस्जिदों में अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां सभी ने एक साथ मिलकर खुदा की बारगाह में सिर झुकाया. नमाज के बाद दोनों हाथ उठाकर मुल्क की तरक्की, खुशहाली, कौमी एकता और आपसी भाईचारे की सामूहिक दुआएं मांगी गईं. नमाज मुकम्मल होने के बाद मस्जिदों के बाहर और घरों में लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी. इसके बाद सभी ने अपने-अपने घरों में जाकर तय परंपरा के अनुसार कुर्बानी की रस्म अदा की और आए हुए मेहमानों का स्वागत लजीज पकवानों से किया. त्योहार के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. सभी मस्जिदों और प्रमुख मोड़ों पर स्थानीय थाना के पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल के जवान और सीआईएसएफ के सुरक्षा बल तैनात रहे.
जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने दीं बकरीद की शुभकामनाएं
बोकारो थर्मल के थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव खुद गश्ती दल के साथ लगातार पूरे क्षेत्र का भ्रमण करते दिखे और सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए रखी, जिसके कारण पूरा त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. इस मौके पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी मुस्लिम भाइयों से मुलाकात कर उन्हें बकरीद की शुभकामनाएं दीं. बधाई देने वालों में मुख्य रूप से जिला परिषद सदस्य शहजादी बानो, राजद नेता अनवर आलम, भाकपा नेता मो. शाहजहां, मंजूर आलम, महबूब आलम, स्थानीय मुखिया अंजू आलम और पंचायत समिति सदस्य अख्तर अंसारी शामिल रहे. इन सभी नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने अपने बधाई संदेश में कहा कि बकरीद का यह त्योहार हमें त्याग, बलिदान और आपसी प्रेम का संदेश देता है तथा हमें समाज में इसी कौमी एकता और सौहार्द को हमेशा बनाए रखना चाहिए.
यह भी पढ़ें: कॉमरेड घासीराम मुंडा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, महंगाई और रायसा परियोजना के खिलाफ उठी आवाज
